- शामली की पीआरवी 6.30 मिनट में पहुंचती है मौके पर
- मेरठ की पीआरवी लेती है 8.36 मिनट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मुसीबत में लोगों की मदद के लिये बनाई गई आपात सेवा 112 की पीआरवी का मसय पर पहुंचने का रिस्पांस टाइम इस बार शामली पुलिस के लिये खुशियां लेकर आया। शामली की पीआरवी जहां 6.30 मिनट लेती है वहीं मेरठ की पीआरवी इस महीने 8.36 मिनट लेकर जोन में छठे नंबर पर आई है।
यदि कोई भी कहीं किसी मुसीबत में है, तो 112 पर काल कर पुलिस की मदद ले सकता है। हालांकि पहले पुलिस के देर से पहुंचने के आरोप लगते थे। इसके बाद शासन ने समय निर्धारित कर दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को समय भी नोट कराना पड़ता है। हर माह पूरे प्रदेश के समय का आंकलन किया जाता है। जुलाई की बात करें तो जोन में शामली पीआरवी नंबर एक पर है।
जारी आंकड़ों के अनुसार शामली का शहर और देहात का औसत समय साढ़े छह मिनट का रहा है, जबकि दूसरे स्थान पर रहे मुजफ्फरनगर का औसत समय साढ़े सात मिनट का है। तीसरे स्थान पर हापुड़ का समय सात मिनट 48 सेकेंड है, जबकि चौथे स्थान पर सहारनपुर का समय सात मिनट 53 सेकेंड है। पांचवें स्थान पर रहे गाजियाबाद का औसत समय आठ मिनट 17 सेकेंड है।
छठे स्थान पर रहे मेरठ का शहर में सात मिनट 44 सेकेंड और देहात में नौ मिनट 45 सेकेंड व औसत समय आठ मिनट 36 सेकेंड है। सातवें स्थान पर रहे बागपत का औसत समय आठ मिनट 42 सेकेंड है। अंतिम स्थान यानी आठवें पायदान पर रहे बुलंदशहर का औसत समय नौ मिनट 27 सेकेंड है।

