- हल्की बारिश ने बदला मौसम का मिजाज
- शहर में कई जगह जलभराव के हालात
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शनिवार को दिन भर चले हल्की और मध्यम बारिश ने एकाएक सर्दी का अहसास करा दिया है। इस बीच शहर के अधिकतर निचले और ओडियन नाले से सटे इलाकों में जलभराव के हालात बन जाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने और उसमें पानी भर जाने के कारण जरूरी काम से बारिश के बीच निकलने वाले दुपहिया वाहनों को फिसलकर चोटिल तक होना पड़ा।
बुनकर नगर, इस्लामाबाद, ताला फैक्ट्री, समर गार्डन, गोला कुआं, लखीपुरा 100 फुटा रोड, शंभुदास गेट, नौचंदी मैदान के साथ-साथ दिल्ली रोड स्थित मोहकमपुर इंडस्ट्रियल एरिया, स्पोर्ट्स काम्पलेक्स समेत नगर के विभिन्न इलाकों में जलभराव के हालात बने। शहर की निचली कॉलोनियों में भी बारिश का पानी भर गया और सड़कों पर भी हर तरफ पानी नजर आता रहा। प्र”ादनगर खैरनगर, बच्चा पार्क, दिल्ली रोड, नीचा सद्दीकनगर, खत्ता रोड आदि इलाकों भी जलभराव की जद में आए।

मौसम वैज्ञानिक इस परिवर्तन के बारे में पहले ही अनुमान जता चुके हैं। पिछले दो दिनों से दिल्ली और आसपास के इलाकों में जगह-जगह बारिश होने के कारण मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मेरठ में आने वाले दो-तीन बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान पारा भी तेजी से गिरा है, शनिवार को दिन और रात का तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी तरह बारिश का सिलसिला बना रहा तो पारा और नीचे जाएगा, जिससे सर्दी का अहसास होने लगेगा। वहीं, दूसरी ओर महानगर के मुख्य मार्गों से इतर अंदरुनी इलाकों की अधिकांश सड़कों में बरसात के दौरान गड्ढे बन गए हैं। इन्हीं भीतरी मार्गों पर हल्की सी बारिश भी सड़क पर पानी जमा होने का कारण बन जाती है।
पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का कोई अनुमान नहीं हो पाता,
जिसके कारण कई स्थानों पर दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल होने की खबरें मिली हैं। बेगमपुल जीरो माइल्स के पास बने गड्ढों में ऐसे ही एक बाइक सवार फिसल कर चोट खा बैठा। खैरनगर से बच्चा पार्क को आने वाले मार्ग पर छत पर लोहे के पाइप भरकर जा रही एक ई-रिक्शा गड्ढे में पलटने से बाल बाल बची, हालांकि इस दौरान वह सामने से आ रही दूसरी ई-रिक्शा से टकराने से नहीं बच सकी।

आईआईए के चेयरमैन सुमनेश अग्रवाल ने बताया कि मोहकमपुर इंडस्ट्रीय एरिया के अधिकतर भागों में पानी भरा हुआ है। स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में भी जलभराव के कारण हालात खराब हैं। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में मामूली बरसात भी क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बन जाती है। जिसके बारे में संबंधित अधिकारियों का ध्यान कई बार आकृषित कराया जा चुका है, लेकिन इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला जा सका है।

