जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों का इंतजार और बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को हाईकोर्ट की ओर आरक्षण 2015 के आधार पर आरक्षण सूची जारी करने के आदेश दिये गये थे। जिसके बाद से जिला स्तर पर पदों के आरक्षण के आवंटन की सूची को दोबारा से बनाया जाना है।
मंगलवार को भी इस संबंध में शासनादेश नहीं आया। जिसे लेकर संभावित प्रत्याशी भी कार्यालय के चक्कर काटते रहे। अधिकारियों की मानें तो आज शासनादेश आने की संभावना है। उधर, राजनीतिक दलों के सदस्य भी गांवों में सक्रिय हो गये हैं।
मेरठ में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर 479 ग्राम पंचायतों, 12 ब्लॉक प्रमुखों, 33 जिला पंचायत सदस्य, 6373 ग्राम पंचायतों के वार्डों के लिये चुनाव होना है। गत दो मार्च को जिला पंचायती राज कार्यालय में जिला स्तर पर आरक्षण सूची भी जारी कर दी गई थी।
जिसके बाद 12 मार्च को आरक्षण सूची के अंतिम प्रकाशन पर होईकोर्ट ने रोक लगा दी। सोमवार को हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को पंचायती चुनाव वर्ष 2015 के आधार पर कराने को कहा। मंगलवार तक इस संबंध में शासन की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किये गये।
जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा का कहना है कि बुधवार को शासनादेश आने की उम्मीद है। उसी के बाद आरक्षण सूची को लेकर कार्य शुरू किया जाएगा।
संभावित प्रत्याशी काट रहे कार्यालय के चक्कर
मंगलवार को दिनभर जिला पंचायती राज अधिकारी कार्यालय पर लोगों का आना-जाना लगा रहा। पदों के संभावित उम्मीदवार कार्यालय के चक्कर लगाते रहे और कर्मचारियों से जानकारी जुटाने में लगे रहे। जो लोग पिछली आरक्षण सूची को लेकर तैयारी कर रहे थे वह भी कार्यालय में जानकारी लेने पहुंचे कि अब उनके वार्ड की क्या स्थिति रहेगी, लेकिन उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई जिसके बाद वह निराश ही वापस लौटे।
जनप्रतिनिधियों ने की चौपाल, कहा-आरक्षण का नहीं महत्व
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर जनप्रतिधि भी तैयारी में जुटे हुए हैं। उनकी ओर से गांव-गांव में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। मंगलवार को मेरठ दक्षिण विधायक डा. सोमेन्द्र तोमर ने मेरठ ब्लॉक के गांव चंदसारा, खेड़ा बलरामपुर, महरौली में ग्राम चौपाल को संबोधित किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि भापजा के लिये चुनाव से संबंधित होने वाले आरक्षण से कोई महत्व नहीं है। उम्मीदवार किसी भी जाति से हो वह भाजपा का उम्मीदवार होगा। पार्टी बिना भेदभाव के कार्य करती आ रही है और आगे भी करती रहेगी। लॉकडाउन में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने खूब मेहनत की है।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख पद आदि पर कोई भी आरक्षण हो व उम्मीदवार केवल भाजपा का होगा। उन्होंने चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को वोट देने की बात कही, न कि आरक्षण के आधार पर। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्य भी गिनाये। यहां नरेन्द्र, बिजेन्द्र, सतीश, गुड्डू, दीपक, सौकीन, जयकार, गंगाराम काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

