- पुलिस व डॉक्टरों में मचा हड़कंप, तलाश जारी
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दवाई लेने पहुंचा मरीज जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। रिपोर्ट सामने आते ही मरीज अस्पताल से साइकिल पर सवार होकर रफूचक्कर हो गया। मरीज के फरार होते ही डॉक्टरों व पुलिस में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं लग पाया।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक अज्ञात व्यक्ति दवाई लेने पहुंचा। अस्पताल में उसकी कोरोना जांच कराई गई, तो वह पॉजिटिव पाया गया। जैसे ही मरीज को कोरोना पॉजिटिव होने का आभास हुआ वह साइकिल उठाकर अस्पताल से फरार हो गया।
अस्पताल कर्मी उसके पीछे दौड़े लेकिन वह हाथ नहीं आया। आखिरकार डॉक्टरों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस व डाक्टरों ने उसे कस्बे व आसपास के गांवों में काफी तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं लग पाया।
बताया गया है कि मरीज ने ओपीडी में फर्जी नाम पता लिखवाया था। जिसके चलते उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है। पुलिस उसे तलाश कर रही है। इस घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई है।

