जनवाणी संवाददाता |
ऊन: कस्बा ऊन के मोहल्ला जयसिंह में शनिवार को साक्षी पुत्री प्रमोद पर बंदरों ने हमला कर घायल कर दिया। कस्बे के दर्जनों नागरिकों ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच कर अधिकारियों से बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है। कस्बे के नागरिकों ने नगर पंचायत द्वारा मोहल्लों में पानी की सप्लाई हेतु लगवाए जा रहे मिनी पंप की गहराई को लेकर विरोध जताया। नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत स्टीमेट के हिसाब से कार्य नहीं कर रही है।

उन्होंने मिनी पंप की गहराई 500 फिट करने की मांग की जबकि नगर पंचायत 300 फुट तक ही कर रही है 300 फुट पर पानी पीला पड़ जाता है जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। कस्बे वासियों ने तहसील में पहुंचकर अपर जिला अधिकारी अरविंद कुमार सिंह से शिकायत की जिस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी योगेंद्र सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि जल निगम के अधिकारियों को बुलाकर पानी की जांच कराएंगे तथा रिपोर्ट के आधार पर ही मिनी पंप लगवाया जाएगा। शिकायत करने वालों में सुमित कुमार ओमवीर,बोबिन्द्र, अमित, जितेंद्र, नितिन, संजीव, नीरज आदि शामिल रहे।

