- एलईडी स्क्रीन पर किया पीएम के लोकार्पण का सीधा प्रसारण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 401 किमी लंबे रेल खंड का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस मौके पर यहां विभिन्न स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। न्यू परतापुर स्टेशन पर सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की रेल सरपट दौड़ रही है।
मालगाड़ियों के लिए पश्चिम बंगाल के दानकुनी से लुधियाना के 1839 किमी लंबे रेल गलियारा बनाया गया। इसपर इलेक्ट्रिक मालगाड़ियां करीब 110 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से दौड़ रही हैं। न्यू खुर्जा से लेकर लुधियाना खंड का मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने दिल्ली से वर्चुअल लोकार्पण किया। यहां न्यू परतापुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को प्रसारित किया गया।
इस मौके पर सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि पिछली सरकारों ने सिर्फ योजनाएं बनार्इं, लेकिन कार्य करने के बजाय आपस में बंदरबांट की। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है। किसी ने सोचा न था कि माल गाड़ियां तेज गति से दौड़ेंगी और इनके लिए अलग रेलवे लाइन होगी। इससे देश के एक कोने से लेकर दूसरे कोने तक बहुत जल्द माल पहुंचेगा। समय की बचत होगी।

राज्यमंत्री सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने जो कहा वह करके दिखाया। उनके नेतृत्व में देश विकास की नई इबारत लिख रहा है। कार्यक्रम में डीएफसी के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक वशिष्ठ ने न्यू खुर्जा से लेकर सहारनपुर तक सेक्शन के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि न्यू खुर्जा, न्यू बुलंदशहर, न्यू गुलावठी, न्यू हापुड़, खरखौदा, मोहिउद्दीनपुर, न्यू परतापुर, न्यू मेरठ, न्यू दौराला, न्यू सकौती, न्यू खतौली आदि स्टेशन हैं। कार्यक्रम में डिप्टी चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर एसएनटी साहू, सीनियर एक्जीक्यूटिव इलेक्ट्रिक्ल सुधीर तिवारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, सहारनपुर में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सहारनपुर स्मार्ट सिटी की 192 करोड़ 54 लाख रुपये की 29 परियोजनाओं का लोकार्पण और स्मार्ट सिटी सहारनपुर की 23 करोड़ 82 लाख रुपये की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास तथा डूडा के तहत मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलीन बस्ती योजना के अंतर्गत जिले में बनने वाली 17 सड़कों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर की योजनाओं सहित नगर विकास विभाग की कुल 11 हजार करोड़ रुपये की 3419 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

