जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, रविवार को केरल का दौरा करेंगे। यह दौरा 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में किया जा रहा है। पीएम पलक्कड़ में रैली और त्रिशूर में एक भव्य रोड शो में शामिल होंगे।
पीएम ने दी जानकारी
प्रधानमंत्री ने इस दौरे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज केरल की जनता के बीच मिलने के लिए उत्सुक हूं। पलक्कड़ में रैली को संबोधित करूंगा और त्रिशूर में रोड शो में भाग लूंगा। केरल का माहौल एनडीए के पक्ष में है। लोग एलडीएफ और यूडीएफ के कुशासन से तंग आ चुके हैं।”
कई वरिष्ठ नेता होंगे मौजूद
सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे पीएम पलक्कड़ के फोर्ट मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता और क्षेत्र के एनडीए उम्मीदवार भी मौजूद रहेंगे।
त्रिशूर में रोड शो
पलक्कड़ के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री त्रिशूर के कुट्टनल्लूर हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। उनका स्वागत केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और अन्य पार्टी नेताओं द्वारा किया जाएगा। इसके बाद पीएम स्वराज राउंड की ओर बढ़ेंगे, जहां वे रोड शो करेंगे। इस रोड शो में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पलक्कड़ और त्रिशूर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों में बदलाव किया गया है। एनडीए इस दौरे के जरिए चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रहा है, ताकि मतदाताओं पर प्रभाव डाला जा सके।

