जनवाणी संवाददाता |
मिर्जापुर/सहारनपुर: मिर्जापुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में गोकशी के दो मामलों में वांछित एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के दिशा निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों /वांछित बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में थाना मिर्जापुर पुलिस कासमपुर नहर पुलिया के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कासमपुर गांव की ओर से बिना नंबर प्लेट की काली मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों घबरा गए और फायरिंग करते हुए मिर्जापुर की ओर भागने लगे। पीछा करने पर कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।
इसके बाद बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की और जंगल की ओर भागने का प्रयास किया।एसपी देहात के मुताबिक इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान हसीन उर्फ साहिल पुत्र सलीम निवासी मिर्जापुर पोल, थाना मिर्जापुर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी देहात ने बताया कि हसीन उर्फ साहिल गोकशी के दो मामलों में वांछित चल रहा था और उसके खिलाफ गोकशी, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस जैसे गंभीर मामलों में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना मिर्जापुर का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।एसपी देहात ने बताया कि मौके से एक तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। फरार बदमाश की तलाश के लिए आसपास के जंगलों में तलाश जारी है।

