- अभी तक क्राइम सीन क्रियेट ही नहीं कर पाई पुलिस, खुलासा करने में हांफ रही मेरठी पुलिस
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गढ़ रोड के ज्वेलर्स की दुकानों पर सुरंग बनाकर चोरी करने के मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ है। पुलिस अभी तक क्राइम सीन क्रियेट नहीं कर पाई है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस अभी तक न्यू अंबिका ज्वेलर्स की सुरंग का सुराग तक नहीं ढूंढ पाई है। वहीं लाखों की चोरी का शिकार हुआ ज्वेलर्स पुलिस से उम्मीदें लगाए बैठे हैं।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिठानी में सर्राफ दीपक लोधी की दुकान में दो बार गढ़ रोड स्थित गांधी आश्रम के पास सराफ हेमेंद्र राणा की दुकान में दो बार और नंदन सिनेमा के सामने सर्राफ पीयूष गर्ग की दुकान में अब सुरंग करके चोरी करने वाला एक ही गैंग है। पांचों घटनाओं में बदमाशों के वारदात करने का एक ही तरीका है। दीपक और पीयूष गर्ग की दुकान में बदमाश अपने गैंग का नाम लिखकर संदेश छोड़ गए हैं।

प्राथमिक जांच में फोरेंसिक टीम ने लेखनी का मिलान एक जैसा ही बताया है। बदमाशों तक पहुंचने के लिए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे देखे गए और 5000 से अधिक नंबरों की पड़ताल की गई। इसके बाद भी बदमाशों का सुराग तक नहीं लग पा रहा है।
शुक्रवार को इंस्पेक्टर नौचंदी और अन्य पुलिसकर्मियों ने फिर से मौके पर पड़ताल की और आसपास के लोगों से बात भी की, लेकिन पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई भी सटीक सूचना नहीं दे रहा है। पुलिस ने जिस एक संदिग्ध युवक को उठाया था उसे भी पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
खरखौदा में सेल्समैन से हुई लूट का खुलासा
खरखौदा: धीरखेड़ा स्थित अंग्रेजी शराब के सेल्समैन रोहित पुत्र प्रमोद से तीन दिन पूर्व हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर लूटी गई रकम व हथियार बरामद कर बाइक सवार तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। धंतला निवासी रोहित पुत्र प्रमोद से गत मंगलवार बाइक सवार तीन युवकों ने धीरखेड़ा स्थित शराब की दुकान के सामने हथियारों के बल पर मारपीट करते हुए नकदी लूट मौके से फरार हो गए थे।
सेल्समैन ने एक लाख रुपये की लूट बताते हुए बदमाशों के खिलाफ थाने पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार रोहित ने परिवार की एक युवती की किसी बात को लेकर पिटाई कर दी थी। युवती ने अपनी पिटाई की बात गांव निवासी जोनी को बता दी थी। जिसके चलते जोनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित की पिटाई करने का प्लान बनाया और गत मंगलवार को दुकान पर पहुंचते ही मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया।

रोहित व दुकान मालिक ने मारपीट कर एक लाख रुपये लूट की पुलिस को सूचना दे दी थी। शुक्रवार पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए धंतला निवासी जोनी उर्फ श्याम उर्फ भीम को साथियों सहित लूटी गई नकदी व हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में साथियों ने अपने नाम गुड्डू उर्फ युधिष्ठिर पुत्र बालेश्वर निवासी हस्तिनापुर, चुनमुन उर्फ सिद्धार्थ पुत्र जसवीर निवासी डिफेंस कॉलोनी हस्तिनापुर, जिनके कब्जे से दो तमंचे दो जिंदा कारतूस व 2800 रुपये की नगदी व एक पिट्ठू बैग बरामद किया है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सेल्समैन के साथ परिवार की युवती को लेकर धंतला निवासी जॉनी ने अपने साथियों को साथ लेकर मारपीट की थी और लूटे गए बैग में केवल 2800 रुपये थे। सेल्समैन व दुकान मालिक ने लूटी गई रकम को एक लाख बताई गई थी।

