- बड़ौत थाने हिलवाड़ी मार्ग पर हुई मुठभेड़ मैं पकड़े गए बदमाश ई रिक्शा लूट में थे शामिल
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: थाना क्षेत्र के हिलवाड़ी गांव के पास बड़ौत पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लग गई।पुलिस ने घायल बदमाशों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
यह मुठभेड़ बुधवार को शाम के समय हुई। इस संबंध में थाना प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि नगर की अमीनगर सराय रोड पर अलग-अलग दिन दो ई-रिक्शा चालकों को चाकू मारकर उनसे ई रिक्शा, नगदी व मोबाइल लूट ली थीं। इनमें एक घटना बिनौली थाना क्षेत्र की है। दूसरी बडौत थाना क्षेत्र की है।
दोनों ई रिक्शा चालकों को लुटेरे बड़ौत से ही सवारी बनकर लेकर गए थे। पुलिस को ई- रिक्शा लूटने वाले बदमाशों की तलाश थी। मुखबिर की सूचना पर हिलवाड़ी गांव के पास अमीनगर सराय रोड पर पर पुलिस ने चैकिंग शुरू कर दी। इस दौरान बड़ौत की तरफ से बाइक पर आ रहे बदमाशों ने पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश शोएब निवासी खेकड़ा व खलील निवासी भट्ठा बस्ती शेखपुरा थाना खेकड़ा पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने उनके पास से एक बाइक व एक कंट्री मेड पिस्टल बरामद की है। एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि पिछले दिनों ने सराय रोड पर दो ई रिक्शा लूट के मामले में दोनों बदमाश वांछित चल रहे थे। उन पर 25-25 हजार का इनाम था। उनके एक साथी अनीस को पुलिस ने पूर्व में पकड़ लिया था। पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ विभिन्न अपाधिक मामले दर्ज है।

