- सीसी टीवी फुटेज में दो लोग और कार नजर आई
- फोरेंसिक जांच में पांच लोगों के फिंगर-फुट प्रिंट आए
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शामली शहर की कांबोज कॉलोनी निवासी संजय गर्ग 20 अक्टूबर को अपने तीनों बेटे अनमोल, हर्ष और यश के साथ माता वैष्णों देवी मंदिर दर्शन को गए थे। चारो पिता-पुत्र 25 अक्टूबर की सुबह को वापस लौटे थे। जब वह अंदर घुसे थे तो कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान भी इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
चोरों ने सभी कमरों की सेफ व लकड़ी की अलमारियां, बेड आदि सब खंगालकर वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, नगदी आदि चोरी गई थी। संजय गर्ग ने आदर्श मंडी थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से दीपावली पूजन के लिए निकाले गए साढ़े आठ लाख रुपये, करीब चालीस तौला सोने के जेतरात, 100 व 150 ग्राम के 40 चांदी सिक्के, रिवालवर के 60 कारतूस समेत करीब 30 लाख रुपये रुपये की चोरी होना बताया था।
चोरी की इस घटना में पुलिस ने आसपास के सभी सीसी टीवी कैमरो की फुटेज खंगाली है। जिसमें पुलिस को काफी अहम सुराग हाथ लगे हैं। फुटेज में दो युवक मकान पर टॉर्च मारते नजर आ रहे हैं। साथ ही एक गाड़ी भी नजर आई है। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने जो फिंगर व फुट प्रिंट घटनास्थल से उठाए हैं उसकी जांच में पांच लोगों घटनास्थल पर होना पाया गया है।
उधर, आदर्श मंडी थाना प्रभारी सुशील नेगी ने बताया कि पुलिस को काफी अहम सुराग हाथ लगे हैं। चोरी की घटना भी 21 अक्टूबर की रात में होना पाया गया है जिसके चलते सर्विलांस का भी सहारा लिया गया है। जल्द ही पुलिस चोरी की घटना का खुलासा करेगी।

