- एनएच-58 पर पुलिस ने विभाग की करोड़ों रुपये की जमीन पर किया हुआ था कब्जा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एनएच-58 पर पुलिस विभाग की बेशकीमती जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ था। पुलिस ने अब इस जमीन को कब्जामुक्त कराकर यहां पर पुलिस चौकी व केंद्रीय मालयार्ड बनाया है। जिसका रविवार को एसएसपी अजय साहनी ने उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
दिल्ली-देहरादून बाइपास स्थित एक होटल के पास पुलिस विभाग की 9300 मीटर से भी अधिक जमीन खाली पड़ी थी। जिस पर कुछ दबंग लोगों ने कब्जा किया हुआ था। इस जमीन के बारे में जब एएसपी कृष्ण विश्नोई को पता चला तो उन्होंने विभाग की इस जमीन को कब्जामुक्त कराया।
इसके बाद उच्चाधिकारियों से बात कर यहां पर पुलिस चौकी और केंद्रीय यार्ड बनाने की नींव रखी। हालांकि अब यहां गांव घाट के नाम से पुलिस चौकी बनकर तैयार हो गई है और बाकी जमीन पर लावारिस व मुकदमों में बंद किए गए वाहनों को रखने के लिए केंद्रीय यार्ड बनाया गया है।
रविवार को एसएसपी अजय साहनी ने पुलिस चौकी व केंद्रीय माल यार्ड का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र सिंह, एसपी देहात केशव कुमार, अंडर ट्रेनिंग आईपीएस कृष्ण विश्नोई, सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय, ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर सुभाष अत्री, थाना जानी इंस्पेक्टर ऋषिपाल, परतापुर एसओ सतीश कुमार मौजूद रहे।

