- एसडीएम-खनन अधिकारी को पुलिस ने भेजी रिपोर्ट
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: थाना क्षेत्र के गांव बल्हेडा में किसान के लगभग छह बीघा खेत में रेत खनन का पट्टा आवंटित कराया था। शर्तों के अनुसार फावड़े से खनन किया जाना था। लेकिन पट्टे की आड़ में खनन की शर्तों की धज्जियां उड़ाकर सांठगांठ से छह बीघा के स्थान पर 80 बीघा क्षेत्रफल में अवैध खनन किया जा रहा था। फावड़े के स्थान पर पोर्कलेन, डंफर, ट्रक आदि मशीनों से खनन दिनरात हो रहा था।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह तथा मंडलायुक्त सहारनपुर से की थी। फिर भी, अवैध खन पर लगाम नहीं लगी थी। इसके विरोध में सोमवार को बल्हेडा, डोकपुरा, पठेड के किसान एवं ग्रामीणों ने एकत्रित होकर खनन प्वाइंट पर हंगामा-प्रदर्शन के बाद धरना दिया था।
प्रदर्शनकारी किसानों ने अवैध खनन बंद कराए जाने की मांग प्रशासनिक अधिकारियों से की थी। खनन प्वाइंट पर भीड़ को आता देख रेत खनन कर रहा ठेकेदार भाग गया था। साथ ही, पोर्कलेन, जेसीबी, तीन डंफर और एक ट्रक को छोड़कर चालक भी फरार हो गए थे। सूचना पर झिंझाना थाना पुलिस, कैराना तहसील से राजस्व विभाग की टीम और भाजपा नेता अनिल चौहान भी मौके पर पहुंचे थे। भाजपा नेता ने अफसरों से बात कर कार्यवाही की मांग की थी।
मंगलवार की देर रात तक चली गहमा गहमी के बाद झिंझाना पुलिस ने मौके से रेत खनन कर रही दो पोर्कलेन मशीन, रेत से भरे दो ओवरलोड डंफर एवं चार खाली ट्रकों को कब्जे में लेकर रिपोर्ट उच्चािकारियों को भेज दी है। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया बल्हेडा गांव में हो रहे रेत खनन से पुलिस ने पोर्कलेन मशीन व ट्रकों को कब्जे में लिया है। खनन अधिकारी व एसडीएम कैराना के आदेशानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।

