- एक नहीं तीन बदमाशों ने अंजाम दी स्पोर्ट्स कारोबारी के घर चोरी की वारदात
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: डिफेंस कालोनी में स्पोर्ट्स कारोबारी अनिल महाजन के यहां चोरी की वारदात अंजाम देने वाले उनके नौकर व साथियों की धरपकड़ को मेरठ से एक पुलिस टीम रात को ही नेपाल बॉर्डर पर रवाना कर दी गयी है। इसके अलावा भी कई टीमें लगायी गयी हैं। ये भी पता चला है कि चोरी की इस वारदात में एक नहीं बल्कि कुल तीन बदमाश शामिल हैं। वहीं, दूसरी ओर जिस नौकर ने अपने साथियों के साथ चोरी की यह वारदात अंजाम दी, उस नौकर की कारोबारी के पास कोई खास जानकारी नहीं है।
कारोबारी के परिवार को घरेलू नौकर की जरूरत थी, उन्होंने अपने कई परिचितों से बोला हुआ था, किसी ने नेपाली युवक को भेजा और उन्होंने घर में नौकर रख लिया। न तो इस नौकर के घर का कोई पता उनके पास है और न ही उसका आधार कार्ड। यहां तक कि जरूरी होते हुए भी कारोबारी ने नौकर का पुलिस वेरिफिकेशन तक नहीं कराया। कारोबारी के स्तर से कई गई इतनी बड़ी चूक पर अब पुलिस वाले सिर घुन रहे हैं। हालांकि चोरी की वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी टैÑफिक ने बताया कि जो भी साक्ष्य मिले हैं।
उनके सहारे ही चोरी करने वाले घर के नौकर सम्राट उर्फ मिलन तथा सीसीटीवी में नजर आ रहे उसके साथियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। गंगानगर थाना क्षेत्र के डिफेंस कालोनी के ए-152 में चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वालों तक पहुंचने के लिए थाना गंगानगर पुलिस कालोनी में तमाम कोठियों में काम करने वाले घरेलू नौकरों से अब तक पूछताछ कर चुकी है। चोरी की वारदात अंजाम देने वाले नौकर के फोटो भी दिखाए गए हैं।
सीओ नवेदिता शुक्ला का कहना है कि इस मामले में पुलिस की जांच काफी तेजी से आगे बढ़ रही है। कई टीमें लगायी गयी हैं। घटना का शीघ्र ही अनावरण कर दिया जाएगा। चोरी की जानकारी मिलने के बाद अनिल महाजन के यहां उनके कई रिश्तेदार भी पहुंच गए हैं। इसके अलावा उनके यहां शुभचिंतक कारोबारियों का भी आना जाना लगा रहा।
30 लाख से कम की चोरी
कारोबारी अनिल महाजन ने बताया कि उनके यहां चोरी करीब 30 लाख की हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 30 हजार की नकदी है और बाकी ज्वेलरी व अन्य कीमती सामान है। उन्होंने बताया कि मीडिया में चोरी को लेकर अलग-अलग जानकारी दी गयी है, लेकिन करीब 30 लाख की चोरी है।
रोडवेज तक टेÑस
गंगानगर के डिफेंस कालोनी निवासी स्पोर्ट्स कारोबारी के यहां चोरी करने वाले घरेलू नौकर व उसके साथियों को सदर बाजार थाना के रोडवेज भैंसाली बस स्टैंड तक सीसीटीवी में जगह-जगह कैद हुए हैं। पुलिस ने उन्हें ट्रेस करने में सफलता हासिल कर ली है। मना जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद घरेलू नौकर रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे हैं। वहां से वाया बनबसा या फिर किसी अन्य रूट की बस में सवार होकर निकले हैं। पुलिस यह मान रही है कि उनका ठिकाना बीच में कहीं नहीं है वो सीधे नेपाल पहुंचना चाहते हैं। हालांकि बीच में अनेक स्थानों पर पुलिस ने उन्हें दबोचने के लिए फिल्डिंग भी लगायी है।
चोरी प्रकरण पर मेयर ने डीजीपी को लिखा पत्र
महापौर हरिकांत अहलूवालिया द्वारा बीती रात डिफेंस कालोनी में कारोबारी अनिल महाजन के घर पर हुई चोरी की घटना के विषय में पुलिस महानिदेशक एवं सचिव (गृह विभाग) उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को पत्र प्रेषित किया। महापौर द्वारा पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि पूर्व में भी इसी प्रकार की घटना घट चुकी है, जिससे महानगर की जनता में विशेष रूप से कारोबारियों में भय एवं रोष व्याप्त है। अनिल महाजन के यहां चोरी की सूचना पर शनिवार को भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा डिफैंस कालोनी पहुंचे। उन्होंने अनिल महाजन से पूरी घटना की जानकारी ली। मौके पर ही उन्होंने एडीजी से बात की। भाजपा नेता ने बताया कि एसएसपी से भी बात की है। बाद में वहां पर सीओ सदर देहात एएसपी नवेदिता शुक्ला भी पहुंच गयीं।

