जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह नई दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए निर्मित 184 नए टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैट्स का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह सुबह 10 बजे आयोजित हुआ, जिसमें पीएम मोदी ने परिसर में सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
यह आधुनिक आवासीय परिसर विशेष रूप से संसद सदस्यों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। प्रत्येक फ्लैट लगभग 5,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैला है और इसमें कार्यालय, स्टाफ रूम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं।
Speaking at the inauguration of newly constructed flats for MPs in New Delhi. https://t.co/tiKnnBqftH
— Narendra Modi (@narendramodi) August 11, 2025
परियोजना को जीआरआईएचए 3-स्टार रेटिंग प्राप्त है और यह राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) 2016 के मानकों का पूर्ण पालन करती है। इमारतें न केवल भूकंपरोधी हैं, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए भी पूरी तरह से अनुकूलित हैं, जिससे समावेशी डिजाइन की भावना को बल मिलता है।
फ्लैट्स का निर्माण उन्नत तकनीक — विशेषकर एल्युमीनियम शटरिंग के साथ मोनोलिथिक कंक्रीट तकनीक — द्वारा किया गया है, जिससे समयबद्ध और टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित हुआ।
भूमि की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस परियोजना में ऊर्ध्वाधर आवास विकास को प्राथमिकता दी गई है। परियोजना में सांसदों की कार्यात्मक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कर्मचारियों के आवास, कार्यालय क्षेत्रों और एक सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं।
इसके अलावा, परियोजना में हरित प्रौद्योगिकी का भी समावेश किया गया है जिससे ऊर्जा संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा। सुरक्षा के लिहाज से परिसर में एक मजबूत और व्यापक सुरक्षा तंत्र भी लागू किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी के इस उद्घाटन के साथ अब सांसदों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलने की राह खुल गई है, जो उनके प्रतिनिधित्व कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेगा।

