
भारतीय रेल के इतिहास में गत 2 जून की शाम ओडिशा के बालासोर में हुआ भीषण ट्रेन हादसा अब तक देश में हुए भयंकरतम ट्रेन हादसों के रूप में अपना नाम दर्ज करा गया। लगभग 300 लोगों की जान लेने व लगभग 900 लोगों को घायल कर देने वाले इस रेल हादसे के अगले ही दिन ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस भीषण दुर्घटना के मद्देनजर एक दिन के राजकीय शोक घोषित किया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित अनेक मंत्रियों ,उच्चाधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। दुर्घटना की जांच लापरवाही, यांत्रिक खामियां या साजिश का नतीजा थीं, इन सभी कोणों से की जा रही है। इस दुर्घटना के बाद सरकार की खूब आलोचना भी हो रही है और निश्चित रूप से विपक्ष को इस भीषण ट्रेन हादसे के रूप में एक मुद्दा भी हाथ लग गया है।