जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना बेहट क्षेत्र के एक निजी बैंक में कर्मचारियों की लापरवाही और धोखाधड़ी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। यहां बैंक के पूर्व कर्मचारी पर महिलाओं से किस्त के नाम पर 2.53 लाख रुपए वसूलकर हड़पने का आरोप लगा है। ब्रांच मैनेजर की ओर से कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।भारत फाइनेंस इलि (इंडसइंड बैंक) बेहट शाखा के ब्रांच मैनेजर आशीष पुंडीर के मुताबिक, कंपनी गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आसान किस्तों पर लोन उपलब्ध कराती है। साप्ताहिक किस्तों की वसूली की जिम्मेदारी संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत अनिल मलिक को दी गई थी। आरोप है कि उसने 16 महिलाओं से यह कहकर 2,53,436 रुपए वसूले कि उनका लोन समाप्त करा देगा। लेकिन वसूली की गई रकम बैंक में जमा न करके अपने पास रख ली।ब्रांच मैनेजर का आरोप है कि जब उन्होंने पदभार संभालने के बाद प्रारंभिक जांच की तो गड़बड़ी सामने आई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रकम अपने पास होने की बात स्वीकार की, मगर पैसे लौटाने के बजाय अचानक नौकरी छोड़कर भाग गया। कई बार फोन पर संपर्क करने के बावजूद उसने पैसे वापस करने से इनकार कर दिया और धमकी दी कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।आशीष पुंडीर ने पहले थाना बेहट में शिकायत की। कार्रवाई न होने पर 11 सितंबर 2024 को एसएसपी आशीष तिवारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। कार्रवाई न होते देख अंततः उन्होंने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी अनिल मलिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी देहात बोले जांच पड़ताल जारी
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की गई है और आरोपी के खिलाफ जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

