- सताने में बिजली ने भी नहीं छोड़ी कोई कसर, पुलिस कार्यालय के सामने जाम से बुरी हालत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बारिश और जाम ने सोमवार को शहर के लोगों को हलकान कर रख दिया। शहर के जिन इलाकों में आमतौर पर कभी जाम नहीं लगता आज वहां भी जाम लग गया। शायद ही कोई ऐसा इलाका था जहां जाम नहीं लगा था। बारिश ने जाम की मुसीबत को बढ़ाने का काम किया। सोमवार को दिन जाम व बारिश की वजह से लोगों पर भारी गुजरा। सबसे ज्यादा मुसीबत स्कूल जाने वाले बच्चों ने उठायी। आज सुबह से ही आसमान पर घने बादल छाए थे। पूरे दिन हल्की बूंदाबांदी होती रही। पूरे शहर में एक साथ बूंदाबांदी नहीं हुई,
बल्कि अलग-अलग इलाकों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। सुबह करीब 10 बजे रुड़की रोड, लेखा नगर, मोदीपुरम, कंकरखेड़ा बाईपास, बेगमपुल, रोडवेज, सोतीगंज, छीपी टैंक व कचहरी तथा मोहनपुरी इलाकों में हल्की बौछारें पड़ती रहीं। इतनी तेज बारिश नहीं थी कि रूक कर खड़ा हुआ जाए। पूरे शहर में ऐसे ही छिटपुट बूंदाबांदी चलती रही। इस बूंदाबादी की आफत से जूझ रहे लोगों को जगह-जगह लगे जाम ने दूसरी मुसीबत में डाल दिया और रही सही कसर दिन भर बिजली की आवाजाही ने पूरी कर दी।
जहां कभी नहीं, वहां भी जाम
सोमवार को महानगर के ऐसे इलाकों में भी जाम लग गया जहां आमतौर पर कभी भी जाम नहीं लगता। सिविल लाइन थाना क्षेत्र का कमिश्नरी चौराहा, एसएसपी कार्यालय, इससे सटा आंबेडकर चौराहा दिन भर जाम से बजबजाते रहे। इसके अलावा हजारी की प्याऊ और लालकुर्ती पैठ एरिया में भी लोग जाम से जूझते रहे। सबसे बुरा हाल तो माल रोड का था। माल रोड तो अब जाम के लिए ही बदनाम है। कभी इस रोड का प्रयोग लोग शहर के जाम से बचने के लिए किया करते थे, लेकिन अब माल रोड पर जाने वाले जाम में फंसे बगैर नहीं रहते। शहर के भीतरी इलाकों की यदि बात की जाए तो वहां तो हालात और भी बद से बदतर थे।
बच्चापार्क चौराहा, ईव्ज चौराहा, जलीकोठी व छतरी वाला पीर, दिल्ली रोड डीएन वाला चौराहा यहां जाम को में फंसे लोगों ने मुसीबत उठायी। डीएन चौराहे से लेकर रेलवे रोड ईदगाह तक जाम लगा था। केसरगंज व शहर घंटाघर का भी बुरा हाल थे। इनके अलावा खैरनगर, लाला का बाजार, बैली बाजार, शहर सराफा बाजार, कबाड़ी बाजार, शारदा रोड ओडियन नाल रोड और सबसे बुरा हाल था भूमिया पुल से लिसाडी रोड व लिसाड़ीगेट थाने की ओर जाने वाले रास्ते का। कुल मिला कर पूरा शहर ही सोमवार जाम की चपेट में था।
…और करते रहे बिजली के नखरे भी परेशान
हल्की बूंंदाबांदी और जाम में फंसने के बाद लोग जब गिरते पड़ते अपने घर पहुंचे तो वहां बिजली की मुसीबत ने आ घेरा। सोमवार का दिन बिजली आपूर्ति के लिहाज से भी कोई बहुत अच्छा नहीं था। हालांकि बिजली के नखरों की यदि बात की जाए तो पिछले करीब चार दिन से बिजली के नखरे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कई इलाकों में तो बीस घंटे तक बिजली गुल रही। लोग बुरी तरह से हलकान रहे। पीवीवीएनएल अफसर भी बिजली के नखरों के आगे पस्त नजर आए।

