जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा आज राज्य का बजट पेश करेंगे। बजट पेश करने से पहले उन्होंने अपनी मां का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
वित्त मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी की ओर से राज्य की सभी माताओं, बहनों और बच्चों को बधाई दी जाती है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस के दिन पंजाब का बजट पेश होना अपने आप में एक ऐतिहासिक अवसर है।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आज तक किसी भी पार्टी या सरकार ने महिला दिवस के दिन बजट पेश नहीं किया है। ऐसे में इस दिन बजट प्रस्तुत किया जाना महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले चार वर्षों में पंजाब सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य किया है। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के विकास के साथ-साथ आम जनता को राहत पहुंचाने की रही है।
वित्त मंत्री ने भरोसा जताया कि आज पेश किया जाने वाला बजट राज्य के विकास को नई दिशा देगा और विभिन्न वर्गों के साथ-साथ महिलाओं के सशक्तिकरण को भी मजबूती प्रदान करेगा।

