जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कथित तौर पर कोमा में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें एक हवाई हमले में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनका एक पैर काटना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, 56 वर्षीय मोजतबा उस एयर स्ट्राइक में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हुई थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें चोटें 28 फरवरी के उसी हमले में लगीं या किसी अन्य घटना में।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि मोजतबा शायद जीवित हैं, लेकिन संभव है कि उन्हें गंभीर चोटें आई हों।
इलाज की स्थिति
मोजतबा खामेनेई का इलाज वर्तमान में तेहरान के सीना विश्वविद्यालय अस्पताल में चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल की यूनिट पूरी तरह सील है और वहां भारी सुरक्षा मौजूद है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्री और ट्रॉमा सर्जन मोहम्मद रजा जफरगंडी उनकी निगरानी कर रहे हैं।
मोजतबा का संदेश
ईरान के सरकारी मीडिया ने मोजतबा का पहला संदेश प्रसारित किया, जिसे एक समाचार एंकर ने पढ़कर सुनाया। इसमें कहा गया कि ईरान अपने नागरिकों के खून का बदला लेगा और क्षेत्रीय समुद्री मार्गों को निशाना बनाने वाले हमले जारी रहेंगे, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने की धमकी भी शामिल है।
देश की राजनीतिक और सैन्य व्यवस्था
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि ईरान की शासन प्रणाली इतनी मजबूत है कि खामेनेई के सीधे आदेश के बिना भी देश की सैन्य और राजनीतिक व्यवस्था काम कर सकती है।
हालांकि, स्पष्ट किया है कि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है, क्योंकि ईरान में इंटरनेट पर कड़े प्रतिबंध हैं और नेताओं के इलाज की सुरक्षा बेहद सख्त है।

