जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ा आतंकी मॉड्यूल सामने आया है। रांची के इस्लामनगर इलाके से आईएसआईएस से जुड़े संदिग्ध आतंकवादी अजहर दानिश को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी दिल्ली में दर्ज एक मामले के आधार पर की गई है, जिसकी तलाश में दिल्ली पुलिस पहले से जुटी थी।
कई शहरों में चल रही छापेमारी, 8 संदिग्ध हिरासत में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, देशभर में 12 से अधिक जगहों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है, जिसमें अब तक लगभग 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सभी से गहन पूछताछ जारी है। कार्रवाई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन का हिस्सा है।

दिल्ली और मुंबई से भी आतंकी गिरफ्तार
इस ऑपरेशन के तहत मुंबई निवासी आफताब नामक एक आतंकी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये सभी संदिग्ध देश में बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार संदिग्धों के पास से आपत्तिजनक सामग्री, डिजिटल उपकरण और संभावित आतंकी साजो-सामान बरामद किए गए हैं।
आतंकी मॉड्यूल से जुड़े कई अहम सुराग मिले
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों का दावा है कि उन्होंने आईएसआईएस से प्रेरित एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो देश में गंभीर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था। गिरफ्तार किए गए सभी संदिग्धों के बीच आपसी संपर्क और योजनाओं की गहराई से जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियां अलर्ट पर
इस पूरे घटनाक्रम को देखते हुए केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। रांची से पकड़े गए अजहर दानिश उर्फ दानिश की भूमिका को लेकर कई गंभीर सवाल उठे हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन संदिग्धों के विदेश में बैठे हैंडलर्स से भी संपर्क थे।
बता दें कि देश में संभावित आतंकी हमलों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई ने बड़ी साजिश को नाकाम किया है। आने वाले दिनों में इस जांच से कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

