- सुधरी शहर की आबोहवा शुद्ध, हुआ वातावरण
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: इस समय मेरठ की हवा शुद्धता के लिहाज से बेहतर हो गई है। बारिश ने शहर के प्रदूषण को पूरी तरह से साफ कर दिया है। अगर बारिश का रुख अभी ऐसा ही रहा तो शहर की हवा और वातावरण और भी ज्यादा अच्छा हो जाएगा। इसलिए बारिश के इस मौसम में जहां बढ़ते प्रदूषण से निजात मिली है।
वहीं, आसपास के जनपदों में भी बारिश से प्रदूषण साफ हो गया है। धीरे-धीरे गर्मी के बढ़ने के कारण लोगों को प्रदूषण से दिक्कत होने लगती है। मई और जून के महीने में प्रदूषण 350 के पार पहुंच जाता था। जिससे सांस लेना भी दुभर हो जाता था, लेकिन इस बार बारिश ने शहर की हवा को शुद्ध कर दिया है।
24 घंटे में फिर होगी बारिश
दिन निकलते ही बारिश का असर बुधवार को शुरू हो गया। मौसम में सुबह के समय ही आसमान पर काले बादल छा गए। बारिश ने उमस भरी गर्मी से निजात दिला दी है। अगले 24 घंटे में फिर से बारिश होने की संभावना है। बारिश के होने से लोगों को गर्मी से काफी हद तक निजात मिलेगी। इसलिए ऐसे मौसम में एकाएक परिवर्तन होने की संभावना अधिक रहती है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का रुख बढ़ेगा, लेकिन बारिश होने से राहत जरूर मिलेगी।
अगले 24 घंटे में फिर होगी अच्छी बारिश इसलिए सावधानी बरतने की आवश्यकता है। तापमान में बुधवार को बारिश होने से गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को मौसम वैधशाला पर अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 95 एवं न्यूनतम आद्रता 86 दर्ज की गई है। हवा का रुख शाम में 4 से 6 किमी दर्ज किया गया। बारिश 6.5 मिली दर्ज की गई है।
एक माह तक शास्त्रीनगर में रहेगा रूट डायवर्जन
मेरठ: नगर निगम द्वारा ओडियन नाला साइट पर नाला निर्माण के चलते शास्त्रीनगर के कुछ इलाकों में एक माह रूट डायवर्जन रहेगा। वार्ड-63 कैपिटल स्कूल से एल-ब्लॉक (ओडियन नाले) तक नाला निर्माण कार्य किया जायेगा। एसपी ट्रैफिक राघवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि ओडियन नाले पर नगर निगम द्वारा काम कराया जा रहा है। जिसके चलते निगम ने रूट डायवर्जन का आग्रह किया है।
इसी वजह से 8 अगस्त से 5 सितंबर तक के-ब्लॉक से एल-ब्लॉक तक तेजगढ़ी से एल-ब्लॉक जाने वाला मार्ग के-ब्लॉक से एल-ब्लॉक तक पूर्ण रूप से बन्द रहेगा। एल-ब्लॉक की तरफ जाने वाले समस्त वाहन के-ब्लॉक से इनकम टैक्स आॅफिस से पीटीएस गुर्जर मोड़ से हापुड़ रोड होते हुए एल-ब्लॉक तक जायेंगे। एल-ब्लॉक से तेजगढ़ी की ओर जाने वाले वाहन पूर्व की भांति ही चलेंगे।

