- 14 मई को आयोजित की जायेगी लोकअदालत
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: 14 मई को कचहरी में आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए एक जागरूकता रैली निकाली गयी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वापिस कचहरी में जाकर समाप्त हुई। इस दौरान रैली में शामिल आंगनवाडी कार्यकत्रियों द्वारा स्लोगनों व नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी अपर जिला जज शक्ति सिंह के निर्देशन में जिला मनोरंजन कर अधिकारी राजेश कुमार द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों से एक रैली निकाली गयी। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां थी। यह रैली कचहरी से प्रारम्भ होकर नईमंडी, दक्षिणी सिविल लाइन, कोर्ट रोड, रूडकी रोड होते हुए वापिस कचहरी में जाकर समाप्त हुई। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यक़ियों ने लोगों को जागरूक करने के लिए नारे भी लगाये।

बता दें कि 14 मई 2022 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है, जिसमें बैंक, बिजली, तहसील व अन्य वादों का निस्तारण किया जायेगा। इस दौरान बैंकों द्वारा दायर कराये गये वादों का भी मौके पर ही निस्तारण कराया जायेगा, जिसके लिए सभी बैंकों के स्टाॅल लोकअदालत में लगाये जायेंगे और सभी बैंकों के मैनेजर भी उपलब्ध रहेंगे, ताकि मौके पर ही निस्तारण कराया जा सके।


