- तमाम बंदिशों के बाद भी मास्क लगाना पसंद नहीं कर रहे लोग
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: नगर के बाजार में खरीदारी के लिए लगने वाली भीड़ में शामिल लोगों को कोराना संक्रमण का जरा भी डर नहीं है। लोग बिना मास्क लगाए ही बाजार में खरीददारी के लिए पहुंच रहे हैं। बाजार में लगने वाली भीड़ कोरोना संक्रमण को आमंत्रण देती नजर आरही है ।अधिकारियों की उदासीनता कभी भी नगरवासियों पर भारी पड़ सकती है।
कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। देश ही नहीं बल्कि जनपद में भी कोरोना रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोरोना रोगियों की बढ़ती संख्या पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। सरकार लगातार कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने की लोगों से अपील कर रही है। लेकिन लोग गाइडलाइन का पालन करना अपनी तौहीन समझ रहे हैं। नगर के बाजारों में भीड़ लगातार बढ़ रही है।
शाम के समय नेहरू चौक पर भारी भीड़ जमा हो जाने से जाम भी लग गया लेकिन लोगों के चेहरे पर ना तो मास्क दिखाई दिया और ना ही जरा भी शिकन। भीड़ में शामिल अधिकांश लोग बिना मास्क लगाए ही घूमते दिखाई दिये।
पुलिसकर्मी मंगलवार की रात्रि जरूर बाजार बंद कराने के लिए बाजार में पहुंचे थे, लेकिन बुधवार को नगर के मुख्य बाजार में पुलिसकर्मी नदारद दिखाई पड़े। नवरात्रि सीजन के साथ ही रमजान शुरु हो जाने से शाम के समय लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करने के लिए बाजार में पहुंचे थे।
जिससे अचानक लोगों की भारी भीड़ बाजार में जमा हो गई और इससे जाम भी लग गया। लोगों की लापरवाही तथा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता कभी भी नगर में कोराना विस्फोट का कारण बन सकती है।

