जनवाणी संवाददाता |
चांदपु: नूरपुर नगर क्षेत्र के राशन डीलरों की शिकायत करने तहसील पहुंचे सभासदों को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कार्यालय में नहीं मिले। सभासदों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर गैर हाजिर रहने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को नगर पालिका नूरपुर के सभासद संजीव जोशी, असलम व गुरमुख सिंह नगर क्षेत्र के राशन डीलरों द्वारा की जा रही मनमानी की शिकायत करने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। दोपहर लगभग बारह बजे कार्यालय पहुंचे सभासदों को खाद्य अधिकारी का कार्यालय बंद मिला इससे उनमें रोष फैल गया । सभासद काफी देर तक वहां खड़े होकर इंतजार करते रहे।
काफी देर बाद पूर्ति निरीक्षक विनीत कुमार मौके पर पहुंचे तब सभासदों ने उन्हें मांग पत्र देकर राशन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । सभासदों का आरोप था कि खाद्य अधिकारी की मिलीभगत के चलते राशन डीलर मनमानी कर रहे हैं। एक ओर जहां कार्ड धारकों से खाद्यान्न की अधिक कीमत वसूली जा रही है वहीं उन्हें शासन द्वारा निर्धारित मात्रा के अनुरुप खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा है।
कार्डधारक सभासदों से आए दिन राशन डीलरों की शिकायत करते रहते हैं जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। सभासदों का यह भी कहना था कि शिकायत किए जाने के बाद भी खाद्य अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इतना ही नहीं शासन द्वारा विभाग के मुखिया को जन शिकायत सुनने के लिए सुबह साढ़े नौ से साढ़े दस बजे का समय कार्यालय में बैठने का निर्धारित किया गया है। लेकिन खाद्य अधिकारी आज उन्हें मौके पर ही नहीं मिली। सभासदों का यह भी आरोप था कि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी निर्धारित समय पर कार्यालय में न बैठकर शासन के आदेशों का भी खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं। सभासदों ने उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

