जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: आज को ‘स्वप्न परिवार’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में संजय शुक्ल ‘रहबर’ द्वारा लिखित ग़ज़ल संग्रह “रहबर” पुस्तक का विमोचन लखनऊ पी.जी.आई. के निकट सरस्वतीपुरम कालोनी में स्थित एक प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का प्रारम्भ माँ सरस्वती पर पुष्पार्पण तथा दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। तदोपरांत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्रम एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने इस पुस्तक के लेखन हेतु लेखक को अपनी शुभकामनाएं देते हुए साहित्य-सृजन में निरंतर वृद्धि के विषय में अपने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में ”रहबर” पुस्तक की कुछ चुनिन्दा ग़ज़लों की अत्यंत मोहक संगीतमयी प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की गयीं।
पुस्तक विमोचन के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुकेश शर्मा, माननीय सदस्य विधान परिषद् एवं अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, लखनऊ महानगर जबकि विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती रेखा शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ एवं सुनील कालरा, प्रबंध निदेशक, एस.ए.एस. हुंडई उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संगीत पक्ष में गायन मिथिलेश लखनवी का रहा एवं संगतकर्ताओं में तबले पर सुभाष शर्मा एवं ओक्टोपैड पर श्री विकास रहे। कार्यक्रम के अंत में संजय शुक्ल ‘रहबर’ ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राकेश भार्गव ने किया। इस कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय निवासीगण उपस्थित रहे।

