गम्भीर रोगों से ग्रस्त और बुजुर्ग भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: महानगर में एक बार फिर कोविड के मामले सामने आने लग गए हैं। एक सप्ताह के भीतर दस मरीज पाए गए हैं, लिहाजा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। इस बाबत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.संजीव मांगलिक ने संयुक्त अस्पताल में कोविड को लेकर उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया और कहा है कि लोग हर सम्भव प्रोटोकाल का पालन करें। सार्वजनिक स्थानों पर दो गज की दूरी बनाए रखें। मास्क लगाना भी शुरू कर दें।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से कोविड के केस आने शुरू हो गए हैं, लिहाजा स्वास्थ्य विभाग एक्टिव मोड में आ गया है। सीएमओ डा. संजीव मांगलिक ने कहा है कि गर्भवती, बच्चों, बुजुर्गों और गम्भीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को खासतौर पर सावधान रहने की जरूरत है। इन सभी लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों से परहेज करना चाहिए। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि पूजा स्थलों पर जाएं तो कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें।
आजकल जहां नवरात्र के चलते मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है, वहीं रमजान के पवित्र माह के चलते मस्जिदों में भी भीड़ बढ़ी है। भीड़ के चलते कोविडऔर अन्य संक्रामक रोगों के प्रसार का खतरा बढ़ जाता है,इसलिए पूजा स्थलों पर जाते समय मास्क अवश्य लगाएं। सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि जिला चिकित्सालय में कोविड वार्ड बनाया गया है। एक रोज पहले सोमवार सुबह उन्होंने चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आॅक्सीजन प्लांट, आॅक्सीजन कंसंट्रेटर जैसे उपकरणों के साथ ही दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
डॉक्टर मांगलिक ने कहा कि मौसम बदल रहा है। दरअसल मौसम के इस संधि काल में संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। इस मौसम में सर्दी-खांसी और बुखार होना आम बात है लेकिन किसी भी तरह के संक्रमण को हल्के में न लें और चिकित्सक के परामर्श पर ही दवा लें।
सीएमओ ने कहा कि इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन (सारी) के लक्षण होने पर चिकित्सक के परामर्श पर कोविड की जांच अवश्य कराएं। दवा की दुकान से दवा लेकर स्वयं उपचार करने से बेहतर है कि नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक के परामर्श से ही दवा लें। घर से बाहर निकलें तो मास्क अवश्य लगाएं।
भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और यदि जाना ही पड़े तो कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना न भूले । मास्क का इस्तेमाल करते हुए दो गज की सामाजिक दूरी का पालन करें। घर से बाहर निकलें तो मास्क अवश्य लगाएं।
भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और यदि जाना ही पड़े तो कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना न भूले । मास्क का इस्तेमाल करते हुए दो गज की सामाजिक दूरी कोविड समेत कई अन्य संक्रमणों का खतरा काफी हद तक कम कर देती है। साबुन-पानी से हाथों की सफाई करते रहें। बाहर से लौटने पर अपने हाथों को अच्छी तरह से धोना न भूले ।