जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक पटना के मौर्या होटल में जारी है। इस बैठक में पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए तेजस्वी यादव को राजद का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय पार्टी की भविष्य की रणनीति और नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में अहम माना जा रहा है।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद मीसा भारती और वरिष्ठ नेता संजय यादव समेत पार्टी के कई शीर्ष नेता मौजूद रहे।
RJD नेता तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 25, 2026
(सोर्स: RJD) pic.twitter.com/mNqIoX50Vs
लालू यादव की मौजूदगी में लिया गया बड़ा फैसला
बैठक की अध्यक्षता खुद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने की। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य कारणों और आने वाली राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए लालू यादव अपनी राजनीतिक विरासत को औपचारिक रूप से तेजस्वी यादव के हाथों में सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। इसी क्रम में तेजस्वी को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में देशभर से आए करीब 200 डेलिगेट्स और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शामिल हुए हैं।
क्यों खास है यह बैठक?
राजद सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी को एक ऊर्जावान और सक्रिय नेतृत्व की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। तेजस्वी यादव पहले ही बिहार में विपक्ष के सबसे बड़े चेहरे के रूप में उभर चुके हैं, लेकिन अब कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें संगठन के अखिल भारतीय स्तर पर फैसले लेने की औपचारिक शक्ति भी मिल गई है। पार्टी के भीतर इस फैसले को युवाओं और नए वोटर्स को संदेश देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
नेतृत्व परिवर्तन का संकेत
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला न केवल संगठनात्मक मजबूती की दिशा में कदम है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि राजद अब धीरे-धीरे नेतृत्व की कमान नई पीढ़ी को सौंपने की तैयारी में है।

