जनवाणी संवाददाता |
शामली: राष्ट्रिय लोकदल अयक्ष चौधरी जयंत सिंह द्वारा एससी/ एसटी मोर्चा के माध्यम से दलितों को पार्टी की ओर डाइवर्ट करने के लिए तैयार किए गए बहुजन उदय अभियान के अंतर्गत ग्राम सिक्का में दलित युवाओं एवं वंचित समाज के लोगों के बीच पहुंचकर सत्ता में भागीदार करने का आह्वान किया।
रविवार को शामली ब्लॉक के ग्राम सिक्का में आयोजित कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य उमेश कुमार ने राष्ट्रिय लोकदल द्वारा विधानसभा चुनाव 2022 के लिए घोषित घोषणा पत्र के माध्यम से दलित एवं वंचित समाज के लिए योजनाओं की जानकारी एवं चौधरी जयंत सिंह के विजन के संबंध में युवा एवं बुजुर्गों को जानकारी दी।
उन्होंने ने कहा कि जिसकी ‘संगठन में जितनी जिम्मेदारी उतनी सत्ता में उसकी भागीदारी’ के माध्यम से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही, कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में दलितों का उत्पीड़न, अत्याचार हुए, दलितों के लिए आरक्षित सरकारी पदों पर भर्ती नहीं की गई तथा लगभग 79 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं।
कार्यक्रम को रालोद एससी/एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष विपिन वाल्मीकि, युवा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष आर्यन राणा तथा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामकुमार वर्मा, रवि सिक्का आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

