- डीएम को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, किसानों की समस्या का निस्तारण कराने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: बागपत चीनी मिल की क्षमता वृद्धि को लेकर किसानों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि क्षमता वृद्धि न होने से किसानों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। डीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी करने की मांग की है, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बुधवार को कलक्ट्रेट में पहुंचे रालोद नेताओं ने बताया कि बागपत चीनी मिल से 70 के करीब गांव जुडे है और यह मिल काफी पुरानी हो चुकी है। इस मिल का निर्माण 1956-57 में कराया गया था और जनपद में सबसे पुरानी यह मिल है। 66 वर्ष पुरानी मिल में आए दिन कोई न कोई घटना होती है और मशीनों में भी खराबी आती रहती है। इसके कारण किसानों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
चीनी मिल की पेराई क्षमता भी काफी कम है और इसके कारण किसान समय से अपना गन्ना भी मिल में नहीं डाल पाते है। इससे उनका गन्ना खेतों में खड़ा रहता है। उक्त मिल में करीब 33 क्रय केन्द्रों से गन्ना आता है। कहा कि इस मिल की पेराई क्षमता करीब पचास हजार कुंतल की होनी चाहिए, ताकि किसान अपना पूरा गन्ना मिल में डाल सकें और उनको किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अपनी मांग का ज्ञापन डीएम को मुख्यमंत्री के नाम सौंपकर पूरा करने की मांग की है। इस मौके पर सुखबीर गठीना, ओमबीर ढाका, अमित जैन, अंकित कुमार, कृष्णपाल, श्रीकांत गुर्जर, करण सिंह, कलीम अल्वी, जयवीर तोमर, विकास कुमार, सागर तोमर, कंवरपाल हुड्डा आदि मौजूद रहे।

