जनवाणी संवाददाता |
शामली: राष्ट्रीय लोकदल ने हाईकमान के निर्देश पर मणिपुर में महिलाओं के उत्पीड़न के विरोध में कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में मणिपुर सरकार को बर्खास्त करते हुए सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से मामले की जांच कराए जाने की मांग की है।
गुरुवार को जिला अध्यक्ष वाजिद अली, रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। उन्होंने मणिपुर में महिलाओं के उत्पीड़न को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
साथ ही, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एक ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा गया। ज्ञापन में मणिपुर को सरकार को तत्काल बर्खास्त किए जाने के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से मामले की जांच कराई जाने तथा हिंसा में मारे गए लोगों के आश्रितों को मुआवजा दिए जाने और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है।