- सीवरेज लाइन डाले जाने को खोदी गई हैं सड़कें
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर की टूटी सड़कों से मौसम में नरमी आने के बाद ही सही कराया जाएगा। जल निगम को ग्राइंडर प्लांट के शुरू होने का इंतजार है। मौसम में नरमी आते ही प्लांट के शुरू होने पर सड़कों को बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इन टूटी सड़कों के कारण शहरवासियों को काफी परेशान होना पड़ रहा है।
अधिकारियों की मानें तो मार्च माह में ही यह कार्य शुरू हो पाएगा। जल निगम की ओर से शहर में सीवरेज लाइन डाले जाने का कार्य किया जा रहा है। शहर में हापुड़ रोड, शास्त्रीनगर, भूमिया का पुल, जाटव गेट, लिसाड़ी रोड, ब्रहृमपुरी आदि क्षेत्रों में सीवरेज लाइन डाले जाने का कार्य किया गया।
यहां तक कि जाटव गेट और लिसाड़ी रोड स्थित भूमिया के पुल के पास लाइन डाले जाने का कार्य अभी भी चल रहा है। अधिकारियों की मानें तो शहर में अधिकांश जगहों पर यह कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन यहां की सड़कों को अभी नहीं बनाया गया है जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निगम की ओर से रोडी और मिट्टी डालकर गड्ढों को भर दिया गया है।
अब इन मार्गों पर ट्रैफिक भी शुरू हो चुका है, लेकिन विभाग की ओर ये यहां सड़क निर्माण नहीं किया गया है। इस रोड़ी पड़ी सड़कों पर चलने से आए दिन कोई न कोई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहा है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
बीमार पड़ रहे लोग
सड़कों पर से वाहन चलने के कारण उठने वाली धूल लोगों के मुंह में जा रही है। धूल सड़क किनारे स्थित दुकानों पर रखे सामान पर जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। धूल मिट्टी भरे सामान के खाने और धूल मुंह में जाने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। लिसाड़ी रोड निवासी सादिक ने बताया कि सीवरेज लाइन डले एक माह होने को है, लेकिन अधिकारियों ने यहां सड़क निर्माण नहीं कराया है।
ग्राइंडर प्लांट शुरू होने पर बनाई जाएंगी सड़कें
जल निगम के एई बलबीर सिंह ने बताया कि उन्हें भी लोगों की समस्याओं को लेकर चिंता है। जल निगम की ओर से लगभग कार्य पूरा कर लिया गया है। जहां सीवरेज लाइन डाली जा चुकी है वहां पर रोड़ी मिट्टी डाल दी गई है। अब विभाग को बस ग्राइंडर प्लांट के शुरू होने का इंतजार है। मौसम में थोड़ी नरमी आने पर प्लांट के शुरू होने की संभावना है, जिसके बाद जल निगम भी सड़कों का निर्माण कराना शुरू कर देगा।

