- होली के त्योहार पर यात्रियों की उमड़ी भीड़
- कई रूटों पर बढ़ाए बसों के फेरे
- आज दोपहर बाद चलेगी सभी रूटों पर बसें
- होली के त्योहार पर बस अड्डों पर यात्रियों की उमड़ी भीड़
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: होली के त्योहार पर परिवार व रिश्तेदारों के साथ होली खेलने दूसरे शहरों को जाने के लिए बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि विभाग ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए् कुछ रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए थे, लेकिन वह नाकाफी साबित होते नजर आए। आज दोपहर बाद बसों का संचालन सामान्य रूप से सभी मार्गों पर होगा।

गुरुवार को होली वाले दिन अपनों के बीच त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग बस अड्डों पर पहुंचे, लेकिन यहां पर बसों में जगह न मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ी। जो परिवार छोटे बच्चों व महिलाओं के साथ सफर करने निकले उनको घंटों बसों के इंतजार में खड़ा रहना पड़ा। इस दौरान भैंसाली बस अड्डे पर विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाएं भी नाकाफी साबित हुई।
सबसे अधिक यात्री मवाना व बिजनौर के रूट पर थे। जबकि कौशांबी, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर आदि मार्गों पर यात्रियों की संख्या सामान्य से ही कुछ अधिक रही। गौरतलब है कि इस बार होली का त्योहार दो साल बाद कोरोना की लहरों के बाद इस रूप में देखा जा रहा है। पिछले दो साल से होली का त्योहार फीका पड़ा हुआ था, लेकिन इस बार त्योहार पर रंग भरा नजर आ रहा है।
इस बार बड़ी संख्या में लोग अपनों के साथ होली का त्योहार मनाने निकले हैं। यही मुख्य वजह है, जब बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है। इससे रोडवेज को भी अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है। एआरएम भैंसाली बस अड्डा राजेश कुमार का कहना है कि इस बार मवाना के रास्ते बिजनौर जाने मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक है। उनकी सहूलियत के लिए इस रूट पर बसों के फेरे बढ़ाए गए है। जबकि बाकि मार्गों पर हालात सामान्य है।

