जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार की ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत करते हुए ‘बिहार राज्य जीविका निधि क्रेडिट को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड’ का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने ₹105 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जीविका निधि में ट्रांसफर की।
महिलाओं को मिलेगा आसान और सस्ता ऋण
इस योजना का उद्देश्य गांवों में रह रहीं महिलाओं को सस्ती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने छोटे व्यवसाय और उद्यम को बढ़ा सकें।
यह संस्था पूरी तरह डिजिटल प्रणाली से संचालित होगी और इसमें जीविका से जुड़े क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन सदस्य बनेंगे।
#WATCH दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि क्रेडिट को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड का उद्घाटन किया और 105 करोड़ रुपए की राशि का जीविका निधि में ट्रांसफर किया। pic.twitter.com/JsmY39oqBs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 2, 2025
पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा “मंगलवार के दिन एक बहुत शुभ काम की शुरुआत हो रही है। बिहार की माताओं और बहनों को अब एक नई सुविधा मिलने जा रही है – जीविका निधि साख सहकारी संघ।”
उन्होंने आगे कहा “इसके जरिए गांव-गांव में जीविका से जुड़ी बहनों को आसानी से पैसा मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बनेंगी।”
मोदी ने इस योजना की डिजिटल कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे ‘समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम’ बताया। उन्होंने बिहार की महिलाओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार को भी शुभकामनाएं दीं।
सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा?
कार्यक्रम में उपस्थित बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा “पीएम मोदी द्वारा जीविका निधि की शुरुआत से स्वयं सहायता समूह की दीदियों को ऋण पाने में सुविधा होगी।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस योजना के लिए ₹1,000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं ताकि महिला उद्यमियों को हरसंभव मदद मिल सके।
मंच पर मौजूद रहे अन्य नेता
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने इस योजना को ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।
एक्स पर पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने इस योजना की जानकारी पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के जरिए साझा करते हुए लिखा था “बिहार की माताओं, बहनों और बेटियों को अवसरों की कमी न हो, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

