- सभासद पर गली गलौच, अभद्रता करने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: नगर पंचायत सभासद द्वारा सफाई कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार व गाली गलौज से नाराज सफाई कर्मचारियों ने तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की तथा कार्रवाई न होने पर हड़ताल करने की चेतावनी दी।
नगर पंचायत के मोहल्ला नौतना घाटी में सफाई कर्मचारी सफाई कार्य कर रहे थे। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि नगर पंचायत के सभासद विनीत चौधरी ने सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली गलौज की। जिसके बाद सफाई कर्मचारियों में रोष फैल गया।
सफाई कर्मचारियों ने तहसील कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए उप जिलाधिकारी मणि अरोरा से सभासद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उप जिलाधिकारी ने पुलिस को जांच के आदेश दिए है। सफाई कर्मचारियों ने कार्रवाई न होने पर हड़ताल करने की भी चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में भूषण, लोकेश, लोकेंद्र, रामू, जयवीर, सूरजपाल, विमल आदि शामिल रहे।
किसानो ने लगाया शुगर मिल पर शोषण का आरोप
सुपीरियर फूड ग्रेंस प्राइवेट लिमिटेड ऊन द्वारा किसानों को गन्ने की 15023 प्रजाति का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि चीनी मिल प्रत्येक किसान को दो से तीन कुंटल बीज 340 रुपये की दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों का आरोप है कि जबरदस्ती बीज के साथ दवाई व खाद की किट भी दी जा रही है, जिसकी कीमत 2980 रुपये है।
किसानों ने जबरदस्ती किट देने तथा महंगे भाव पर बीज देने को लेकर शोषण करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में किसान धीरज कुमार, कटार सिंह, देवेंद्र सिंह, ओमवीर, रामकुमार आदि ने शुगर मिल पर किसानों का शोषण का आरोप लगाते हुए गन्ना आयुक्त को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी मणी अरोरा को सौंप कर कार्रवाई की मांग की।
दूसरी और चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक अनिल अहलावत ने बताया कि चीनी मिल ने 15023 प्रजाति का बीज बोने का सुझाव दिया था जिसके बाद किसान अपनी इच्छा से बीज व खाद ले रहे हैं। इसके अलावा 0238 व 118 का ब्रीडर बीज भी उपलब्ध कराया जा रहा है, किसानों के आरोप गलत है।

