- चोरी नहीं की, मां बीमार थी, इसलिए चला गया था
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बंगाली कारीगर द्वारा सर्राफ व्यापारियों के करोड से अधिक के जेवरात लेकर फरार होने वाली घटना में सारा सोना नील गली दुकान में कारीगर की तिजोरी में सुरक्षित मिल गया। बंगाली कारीगर अपनी मां की बीमारी के चलते अचानक शहर छोड़कर उसे देखने अपने घर चले गए थे। दरअसल, शनिवार सुबह बुलियन एसोसिएशन महामंत्री ने एक मार्मिक वीडियो बना बंगाली कारीगर भाईयों के लिए संदेश प्रसारित कर उनसे सोना वापस करने की अपील की थी।
देहली गेट क्षेत्र नील गली से एक करोड़ कीमत का सोना लेकर फरार होने वाले बंगाली कारीगर नाजिर व नासिर 6 अक्टूबर की सुबह सवा तीन बजे मेरठ शहर छोड़ गए थे। कई सर्राफ व्यापारियों ने 5 अक्टूबर को दोनों बंगाली कारीगर को जेवरात पर पॉलिश करने के लिए सोना दिया था। देहली गेट थाना क्षेत्र नील गली में न्यू सरदार मार्किट में चौथी मंजिल पर दुकान नंबर 47 में काम करने वाले नाजिर ने सभी सर्राफ व्यापारियों को 6 अक्टूबर को जेवरात वापस करने का वायदा किया था,
लेकिन अचानक सुबह सवा तीन बजे नाजिर और उसका भाई नासिर बिना बताये शहर छोड़कर निकल गये। जब सर्राफ व्यापारियों ने जेवरात लेने के लिए उसकी दुकान पर संपर्क किया तो वहां ताला लगा मिला। उनके मोबाइल फोन पर संपर्क किया तो वे भी स्विच आफ मिले। सभी सर्राफ व्यापारियों ने देहली गेट पुलिस को बुलियन एसोसिएशन के महामंत्री के साथ मिलकर सूचना दी कि बंगाली कारीगर नाजिर और उसका भाई नासिर सोने के जेवरात लेकर फरार हो चुके हंै,

लेकिन शनिवार सुबह जब बंगाली कारीगर नाजिर व नासिर को यह जानकारी मिली कि पुलिस और सर्राफ व्यापारी उसे सोना लेकर भागने के मामले में उसकी तलाश कर रहे हैं। वह भयभीत हो गये। उधर दोनों कारीगर ने शनिवार सुबह सर्राफा एसोसिएशन महामंत्री विजय आनन्द का वीडियो देखा तो उनसे संपर्क कर बताया कि वह अपनी मां की बीमारी के चलते घर आ गए थे।
सारा सोना उनकी दुकान की तिजोरी में रखा है। इस पर महामंत्री विजय आनन्द की देखरेख में देहली गेट पुलिस ने दुकान में जाकर तिजोरी में रखा सोना अपनी सुर्पुदगी में कब्जे में ले लिया। देहली गेट थाना प्रभारी का कहना है कि कारीगरों के आने पर ही सोने की सुपुर्दगी व्यापारियों को की जायेगी।
सुशांत सिटी में चोरी का खुलासा, ज्वैलरी बरामद
परतापुर: बीतीरात परतापुर बाइपास स्थित सुशांत सिटी में यूपी:15 ढाबा के मालिक के यहां हुई लाखों की ज्वैलरी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की ज्वैलरी खरीदने वाले ज्वैलर्स व चोरों को पुलिस ने गिरफतार कर लिया। पुलिस के अनुसार चोरों ने सुशांत सिटी निवासी यूपी:15 ढाबा के मैनेजर सचिन गुप्ता के घर से लाखों के गहने व नगदी चुरा ली थी। तहरीर के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और छानबीन की।
जिसमें चोर कैद हो गए। पुलिस ने चोरों को गिरफत में लिया और पूछताछ की तो पता चला कि चोरों ने चोरी की ज्वैलरी कंकरखेड़ा निवासी राजकुमार सर्राफ को बेची है। पुलिस ने सर्राफ को उसकी शॉप राज ज्वैलर्स से गिरफतार कर लिया। सर्राफ ने पुलिस पूछताछ के बाद चोरी की खरीदी ज्वैलरी सोने की 3 अंगूठी, 2 चुटकी, 2 टॉप्स पुलिस को बरामद करा दी। इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह कहना है कि चोरों ने कुछ ज्वैलरी अन्य सर्राफ को बेची है उनकी तलाश की जा रही है।

