जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सहारनपुर के थाना गंगोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस मामले को लेकर एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि 29 और 30 अक्टूबर की दरमियानी रात चौकी इंचार्ज कुंडाकला उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार तथा चौकी इंचार्ज कस्बा गंगोह उपनिरीक्षक अतुल कुमार पुलिस टीम के साथ दौलतपुर चौकी से कुंडाकला रोड की ओर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी डालकर दोनों को रुकने का इशारा किया, जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और यमुना नदी की ओर जाने वाली चकरोड़ की तरफ भागने लगे।
एसपी देहात के मुताबिक पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से दबोच लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।एसपी देहात ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीम पुत्र नाजिम निवासी मोहल्ला कुरैशियान, थाना गंगोह के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अजीम के विरुद्ध थाना गंगोह पर गौकशी और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में दो मुकदमे पंजीकृत हैं। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

