जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना देवबंद पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में चेकिंग के दौरान एक निलंबित पीआरडी जवान सुखपाल सिंह, पुत्र रामपाल सिंह, निवासी ग्राम बहेड़ी, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर को फर्जी पुलिस वर्दी के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई उप-निरीक्षक रविंद्र कसाना, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल सुभाष की टीम ने पिलर नंबर 10, कस्बा व थाना देवबंद के पास की।
पूछताछ में सुखपाल ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर में पीआरडी जवान के रूप में तैनात था और वर्तमान में निलंबित है। उसने स्वीकार किया कि वह फर्जी मोहरों का उपयोग कर बच्चों के कागजात प्रमाणित करता था और विकास भवन, मुजफ्फरनगर में कार्यों के लिए कभी-कभी पीआरडी वर्दी व यूपी पुलिस के बैज का इस्तेमाल करता था।
अभियुक्त के खिलाफ थाना देवबंद में मुकदमा संख्या 422/2025, धारा 318(4)/205 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके आपराधिक इतिहास में मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन और कोतवाली नगर में धारा 406/506, 420/467/468/471 भादवि के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

