जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सहारनपुर पुलिस ने जनपद भर में विशेष सड़क सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया है। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी हाईवे, व्यस्त मार्गों, टोल प्लाजा तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर रात्रिकालीन निगरानी और सुरक्षा अभियान चला रहे हैं।
अभियान के तहत हाईवे और सड़क किनारे ढाबों, चौराहों और तिराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। ढाबा एवं होटल संचालकों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों में वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। गन्ना ढुलाई में लगे शुगर मिल वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाई जा रही है ताकि रात और कोहरे में पीछे से आने वाले वाहन उन्हें आसानी से देख सकें।टोल प्लाजा पर पी.ए. सिस्टम के माध्यम से कोहरे में वाहन संचालन और दुर्घटना से बचाव के संदेश निरंतर प्रसारित किए जा रहे हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रिफ्लेक्टिव टेप, संकेतक पट्टिकाएं, साइन बोर्ड और सफेद पट्टियां लगाई गई हैं। प्रत्येक थाना स्तर पर एक्सीडेंट मित्र टीम गठित की गई है जो दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान करेगी। हाईवे पर एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
एसएसपी आशीष तिवारी ने जनता से अपील की है कि कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, गति सीमित रखें, हेडलाइट और रिफ्लेक्टर का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनहित में लगातार जारी रहेगा और इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।

