बुलेरो सवार आरोपी ले गए सोने की चेन और अन्य कीमती सामान
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: सपा नेता विनित भराला पर बुलेरो सवार दो युवकों ने गाड़ी में डालकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इसी बीच सपा नेता ने किसी तरह गाड़ी सवार युवकों को झटका देकर अपने आपको छुड़ाया तो वह नीचे गिर गए। जिसके चलते सपा नेता का हाथ टूट गया, आंख एवं शरीर पर गंभीर चोट आई।
आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। आरोपी सपा नेता की सोने की चेन एवं अन्य कीमती सामान भी लेकर फरार हो गए। बाद में परिजनों ने सपा नेता का प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया। फिलहाल इस प्रकरण में तहरीर थाने पर नही आई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।
भराला गांव निवासी सपा नेता विनित भराला परिवार के साथ भराला झाल के रास्ते से बहन के यहां कंकरखेड़ा में जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
बताया गया कि इस रास्ते से बुलेरो में सवार दो युवक शराब के नशे में धुत होकर आ रहे थे। उनकी गाड़ी भराला गांव के तीन युवकों की बाइक से टकरा गई। जिसके चलते बुलेरो सवार युवकों और बाइक सवार युवकों में भिड़ंत हो गई। इसी बीच वहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस बीच सपा नेता ने जाम लगता देख गाड़ी से नीचे उतरकर देख तो वहां नोकझोंक हो रही थी। जिस पर सपा नेता ने दोनों पक्षों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया और वहां से रवाना कर दिया।
इसी बीच जब बुलेरो सवार दोनों युवक वहां से जा रहे थे तो उन्होंने सपा नेता को अपनी और बुलाया और हाथ पकड़ लिया और गाड़ी चला दी। जिसके चलते सपा नेता काफी दूर तक खींचते चले गए।
हालांकि किसी तरह सपा नेता ने हाथ छुड़ाया तो वह नीचे गिर गए। नीचे गिरते ही सपा नेता का हाथ टूट गया और आंख पर गंभीर चोट आई। जबकि शरीर के अन्य स्थानों पर भी गंभीर चोटें हैं।
बताया गया कि आरोपी दोनों बुलेरो सवार सपा नेता की सोने की चेन और अन्य कीमती सामान भी लेकर फरार हो गए। इस बीच परिवार के लोगों ने सपा नेता का प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया। फिलहाल इस प्रकरण में तहरीर दौराला थाने पर नहीं दी गई है।
सपा नेता विनित भराला का कहना है कि वह घटना की तहरीर देंगे। उधर, थाना प्रभारी करतार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।

