जनवाणी संवाददाता |
कैराना: बढ़ते कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका परिषद की टीम ने कचहरी परिसर व बाजारों में सैनेटाइजेशन का कार्य किया।
उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी चिंता जताते हुए राज्य सरकार से लॉकडाउन लगाने जैसे उचित कदम उठाने पर विचार करने को कहा हैं। वहीं डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर बुधवार को कैराना नगर पालिका परिषद की टीम ने कचहरी परिसर व बाजारों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सैनेटाइजेशन का कार्य किया। एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने बताया कि लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है।
प्रतिदिन कोरोना के केस निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना किसी वजह घर से बाहर ना निकले। जरूरी कार्य के लिए घर से बाहर निकले। घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाएं तथा सैनिटाइजर का प्रयोग करें। भीड भाड़ वाली जगह पर ना जाएं। जिन स्थानों पर कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। उन स्थानों पर सैनिटाइजेशन का कार्य पालिका की टीम द्वारा किया जा रहा है।
165 लोगों की हुई कोरोना की जांच
बुधवार को कैराना की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व मलिक बस्तियों में कुल 165 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंटीजन किट से 84 लोगों की जांच की। जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई। इसके अलावा आरटी पीसीआर किट से 81 लोगों के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं। जिनकी रिपोर्ट 2 दिन बाद आएगी।

