नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। दिल्ली हाईकोर्ट में बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्ति और विरासत को लेकर चल रहा मामला एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। यह विवाद लगभग 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़ा हुआ है। संजय कपूर की पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर के बच्चों ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। बच्चों की ओर से दावा किया गया कि उन्हें संपत्ति में उचित हिस्सा मिलना चाहिए। हाईकोर्ट ने संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर को पूरी संपत्ति का ब्योरा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि पारदर्शिता के लिए संपत्ति की पूरी जानकारी सामने आनी जरूरी है। संजय कपूर की बहन ने कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने करिश्मा कपूर के बच्चों को खुलकर अपना समर्थन दिया है।
‘मुझे भारत की न्याय व्यवस्था में विश्वास है’
बातचीत में संजय कपूर की बहन मंधीरा कपूर स्मिथ कहती हैं, ‘मैं बहुत खुश हूं क्योंकि आखिरकार परिवार को कुछ पता चलेगा और उन्हें किसी भी चीज के बारे में कुछ तो जानकारी होगी। मुझे भारत की न्याय व्यवस्था में विश्वास है, इसलिए उम्मीद है कि इससे हर चीज में अधिक स्पष्टता, अधिक पारदर्शिता होगी।
‘मैं समायरा और कियान के साथ खड़ी हूं’
मंधीरा करिश्मा कपूर के बच्चों की याचिका को भी अपना सपोर्ट देती हैं। वह कहती हैं, ‘मैं समायरा और कियान (करिश्मा कपूर के बच्चे) के साथ खड़ी हूं। जिन लोगों को उनके और पिता(संजय कपूर) के रिश्ते में बारे में पता है, उन्हें यह समझ नहीं आएगा कि संजय की वसीयत में बच्चों को क्यों शामिल नहीं किया गया, यह बात समझ से परे है। यही वजह है कि मैं उनके साथ खड़ी हूं।’
9 अक्तूबर को होगी अगली सुनवाई
हाई कोर्ट ने करिश्मा के बच्चों बेटी समायरा कपूर और नाबालिग बेटे कियान द्वारा दायर शिकायत दर्ज कर ली, जिसमें उनके दिवंगत पिता की कथित वसीयत को चुनौती दी गई। अदालत ने संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर को नोटिस जारी किया। अब इस मामले में अगली सुनवाई 9 अक्तूबर को होगी।

