- एमडीए की सील लगने के बाद भी नहीं रुकता निर्माण कार्य, तैयार हो जाता है पूरा भवन
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: मेरठ विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों द्वारा अवैध निर्माण करने वालों से पूरी तरह से सांठगांठ कर बड़ा खेल किया जा रहा है। मेरठ विकास प्राधिकरण की टीम सील लगाने की कार्रवाई तो करती है, लेकिन निर्माण कार्य की अनुमति गोपनीय रूप से देती है।
यह सांठगांठ का खेल काफी समय से चला रहा है हालात यह तक हो गए हैं कि सरकारी भूमि पर निर्माण किया जाता है और टीम सील लगाने की कार्रवाई करती हैं। बाद में निर्माणकर्ता को सरकारी भूमि का मालिक भी गोपनीय तरीके से बना दिया जाता है।
कंकरखेड़ा में पिछले हफ्ते कई दुकानों पर निर्माण कार्य पर सील लगाने की कार्रवाई की गई, लेकिन सील लगने के बाद भी निर्माण कार्य बंद नहीं हुआ। दरअसल एमबीए के कर्मचारियों से सांठगांठ कर यह निर्माण कार्य किया जा रहा है।
सरधना रोड पर बाइपास चौपला पर गड्ढे के किनारे दुकान पर सील लगाने की कार्रवाई की गई थी। टीम ने ताले भी अपने ही पास से दुकान पर लगा दिए थे। इसके अलावा सरधना चौपला से नंगलाताशी के निकट 40 दुकान और अन्य कई जगह दुकानों और मकानों पर सील लगाने की कार्रवाई तो की गई, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य बाधित नहीं हुआ।
सील लगने के बाद भी मकान और दुकानों में निर्माण कार्य लगातार चल रहा है। मेरठ विकास प्राधिकरण की टीम की सांठगांठ से कंकरखेड़ा में यह खेल हो रहा है। सरधना रोड लगाई गई, लेकिन निर्माण कार्य बरकरार चल रहा है। ऐसा नहीं है कि क्षेत्रीय जेई को इस अवैध निर्माण की जानकारी नहीं है। बल्कि सील लगाने की कार्रवाई के बाद सांठगांठ की जाती है।
एमडीए ने अवैध कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर
एमडीए ने बुधवार को शोभापुर समेत कई स्थानों पर अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान एमडीए इंजतीनियरों की टीम का भारी विरोधभी हुआ, लेकिन एमडीए की टीम ने ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखा। जोन-बी के नोडल अधिकारी सुभाष गौतम की अगुवाई में सुबह टीम शोभापुर के पास चमन विहार में पहुंची, जहां पर अनिल गुप्ता की करीब सात हजार वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
जिस पर एमडीए ने जेसीबी मशीन चलाकर ध्वस्तीकरण कर दिया। यहीं पर 11 दुकानों का भी निर्माण किया जा रहा था, जिनको ध्वस्त कर दिया। रुड़की रोड बाइपास पर स्थित योगीपुरम में विनोद चौधरी की पांच हजार वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जिस पर एमडीए ने जेसीबी मशीच चलाकर ध्वस्तीकरण कर दिया।

रोहटा रोड पर स्थित दिलावरा गांव में नीरज गुप्ता व प्रदीप गुप्ता की करीब चालीस दुकानों को अवैध तरीके से निर्माण कर दिया गया था, जिनको एमडीए इंजीनियरों ने बुधवार को ध्वस्त कर दिया। खिर्वा रोड पर जगन्नाथपुरी कॉलोनी में आशीष गुप्ता व ब्रजमोहन गुप्ता की दो हजार वर्ग मीटर में अवैध निर्माण किया जा रहा था, जिसको एमडीए ने गिरा दिया।
इस तरह से एमडीए की टीम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुधवार को पूरा दिन अभियान चलाया गया। प्राधिकरण उपाध्यक्ष मृदुल चौधरी के निर्देश पर पिछले दो माह से अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चल रहा है। 200 से ज्यादा अवैध निर्माणों पर एमडीए कार्रवाई कर चुका हैं। अभी और भी निर्माण चिन्हित किये गए हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

