जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: 69वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को सहकारिता भवन के पीसीयू सभागार में सहकारी शिक्षण को मुख्यधारा में लाना, व्यावसायिक प्रबन्धन और उन्मुखी प्रशिक्षण विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का आयोजन उप्र कोआपरेटिव यूनियन तथा आईसीसीएमआरटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसका शुभारम्भ प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरूण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि सहकारिता आन्दोलन को सफल बनाने के लिए सहकारी संस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करना होगा। सहकारी शिक्षा को स्कूली स्तर पर के पाठ्यक्रम में शामिल करना होगा तथा इसके प्रति लोगों को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि जो भी कार्य करें परिपूर्णता के साथ तथा व्यवस्थित ढंग से करें। असीम अरुण ने कहा कि भारत सरकार के 5 ट्रिलियन तथा प्रदेश सरकार के 1 ट्रिलियन इकोनॉमी के लक्ष्य को पूर्ण करने में सहकारिता का महत्वपूर्ण योगदान होगा। यह लक्ष्य हासिल करने में समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना आवश्यक है, जिसके लिए सहकारिता की भावना प्रभावी माध्यम बन सकती है। इस अवसर पर श्री अरुण ने कृषि अवस्थापना निधि के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
गोष्ठी में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक बैंकिंग वी. चन्द्रकला, अपर आयुक्त एवं अपर निबन्धक प्रशासन केपी सिंह, विशेष सचिव सहकारिता अच्छेलाल यादव, प्रबंध निदेशक पीसीयू मनोज कुमार द्विवेदी एवं निदेशक, आईसीसी एमआरटी आरके कुलश्रेष्ठ सहित अन्य सहकारिता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

