- शामली में डीआइजी ने की त्रिस्तरीय चुनाव की समीक्षा
जनवाणी संवाददाता |
शामली। त्रिस्तरीय पंचायत शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) उपेंद्र अग्रवाल ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में दिशा निर्देश दिए।
शामली पुलिस लाइन में पहुंचे डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल ने कहा कि जनपद में 107/16 में पाबंद लोगों की संख्या कम है। जबकि संभावित प्रत्याशि तथा वर्तमान प्रधान कई ऐसे व्यक्ति हैं जो चुनाव में प्रत्यक या अप्रत्यक रूप से हस्तक्षेप करेंगे। आरक्षण अभी लागू नहीं किया गया है।
ऐसे में फिर से जो आरक्षण की स्थिति से प्रभावित हुए बिना प्रत्येक दशा में पंचायत चुनाव में हस्तक्षेप करेंगे। उनकी सूची तैयार कर पाबंद कराए जाने की कार्रवाई पूर्ण करें। 2010 व 2015 के पंचायत चुनाव में कुछ लोगों को गंभीर धाराओं में मुकदमें दर्ज किए गए हैं।
इनके विरुद्ध सिर्फ 107/16 की रिपोर्ट भेजी गई है। उनकी वर्तमान स्थिति क्या है और आपराधिक इतिहास देखें। उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट एवं शस्त्र निरस्तीकरण आदि की कार्रवाई की जानी आवश्यक है। लाइसेंस असलाह जमा कराने की संख्या अभी भी कम है।
बताया जा रहा है कि लोग आजकल कहकर टाल रहे हैं। ऐसे में थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्र से लोगों के शस्त जमा कराए और जो शस्त्र जमा नहीं करते उनके एकमुश्त बड़ी संख्या में शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट प्रेषित करें।
सीओ थाना प्रभारी संवेदनशीलता के आधार पर भ्रमण कर गांव में जाकर वहां कड़े शब्दों में सभी को स्पष्ट करें कि लोकतंत्र में चुनाव सबसे बड़ा पर्व है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वाले के खिलाफ रासुका एवं गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर एसपी सुकीर्ति माधव, सीओ सिटी प्रदीप सिंह, सीओ कैराना जितेंद्र सिह, सीओ लाइन अमित सक्सेना समेत सभी थाना प्रभारी आदि मौजूद रहे।

