- थाने पर हंगामा, एडीजी, आईजी और एसएसपी मौके पर, कई घंटे डटे रहे थाना खरखौदा में
- दोनों युवक जागरण और अन्य आयोजन में करते थे नाच गाना
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: खरखौदा थाना के गांव पांची के जंगलों में दो कलाकार दोस्तों की नृशंस हत्या से इलाके में सनसनी फैली हुई है। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही एडीजी, आईजी और एसएसपी मौके पर पहुंच गए। वहीं, दूसरी ओर मृतक के परिजनों ने थाने पर हंगामा किया। जिस वक्त वो लोग पहुंचे एसएसपी थाने पर ही मौजूद थे। हंगामा करने वालों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन बाद में समझाने पर उन्होंने जाम नहीं लगाया। वहीं, दूसरी ओर पुलिस को हत्यारों के संबंध में कुछ क्लू मिला है।

खरखौदा के पांची के जंगलों में राजू पुत्र रघुवर के बाग में वहां चौकीदार सुरेंद्र ने दो युवकों के शव पडेÞ देखे। शव देखकर साफ पता चल रहा था कि उनका गला दबाकर हत्या की गयी है। उसने तुरंत ही पुलिस को खबर दी। इस बीच डबल मर्डर की खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की भांति फैल गयी। बड़ी संख्या में वहां लोग जमा हो गए। पुलिस भी पहुंच गयी। केवल थाना पुलिस ही नहीं, बल्कि एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर, आईजी नचिकेता झा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और एसपी क्राइम अनित कुमार, फोरेंसिक टीम व कई अन्य थानों का फोर्स भी वहां पहुंच गया।

पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। एसएसपी ने बताया कि मृतकों की पहचान मोंटी पुत्र तिलकराम निवासी नरहाड़ा व मनोज पुत्र नरेन्द्र निवासी बिजौली के रूप में हुई है। दोनों युवक धार्मिक आयोजनों में नाचने गाने का काम करते थे। बुधवार शाम करीब चार बजे दोनों युवक साथ देखे गए थे। उसके बाद पांची में उनकी लाशें मिलने की खबर मिली।
शव के पास एक युवक की बेल्ट और मोबाइल मिला है। पुलिस ने यह सामान कब्जे में ले लिया है। वहीं, दूसरी ओर हत्या की सूचना पर परिजन थाना खरखौदा पहुंच गए। उन्होंने वहां हंगामा किया। उनका कहना था कि पोस्टमार्टम को शव भेजने में पुलिस ने जल्दबाजी दिखाई। परिजनों के आने का भी इंतजार नहीं किया। उन्होंने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन बाद में समझाने पर वह मान गए।
हत्या की वजह पैसों का लेन-देन या कुछ और
डबल मर्डर मामले को लेकर पुलिस ने देर रात कैली गांव में ताबड़तोड़ दबिश दीं। दरअसल, डबल मर्डर के तार कैली के दो युवकों अंकुर व नवीन से जुड़े हैं। इनके मकान पर दबिश दी गयी। यहां से जसबीर व सुमित नाम के दो लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया। हालांकि पुलिस इस मामले में अभी जांच की बात कहकर कुछ भी बताने से साफ इंकार कर रही है, लेकिन गांव के सूत्रों ने जानकारी दी है कि अंकुर व नवीन भी मोंटी व मनोज की तर्ज पर ही नाचने गाने की मंडली चलाया करते थे। आपस में एक-दूसरे से अच्छी तरह परिचित भी थे।
आशंका जतायी जा रही है कि मोंटी व मनोज तथा अंकुर व नवीन जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है, उनके बीच कुछ ना कुछ ऐसा हुआ है। जिसकी जानकारी दोनों के परिवारों तक को नहीं थी। यह भी माना जा रहा है कि पैसों का लेन-देन हत्या की वजह हो सका है। पुलिस का केवल इतना कहना है कि जो मृतकों के दोस्तों को थाने पर बुलाकर केवल पूछताछ भर करने का प्रयास है। ताकि कुछ क्लू मिल सके। पैसों का लेन-देन भी हो सकता है कि फिर कोई दूसरी ऐसी वजह भी हो सकती है, जिसकी पर्दादारी की जा रही है।

मृतकों के दोस्तों से की जा रही जानकारी
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि अभी घटना का खुलासा नहीं किया गया है। मृतकों के दोस्तों से जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। जिनके नाम लिए जा रहे हैं, उनको थाने पर बुलाकर पूछताछ का मकसद यही है कि घटना का कोई सुराग मिल सके। हत्या की वजह पैसों का लेनदेन भी हो सकता है या फिर कोई अन्य कारण हो सकता है, जब तक पूरी जानकारी हासिल न हो और अभियुक्त गिरफ्तार न कर लिए जाएं तब तक घटना का अनावरण कहना ठीक नहीं है, लेकिन इस घटना शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा। खुलासे पर कई टीमें लगा दी गयी हैं। महत्वपूर्ण सुराग भी इस पर काम कर रहे अफसरों को मिले हैं।
मोबाइल में दर्ज था हत्या और हत्यारों का राज
जो काम पुलिस को करना था वो काम मृतक के मोबाइल ने कर दिया। पुलिस की सारी सिरदर्दी ही मोबाइल ने दूर कर दी। जो मोबाइल मौका-ए-वारदात से बरामद हुआ है। सूत्रों की माने तो उस मोबाइल ने हत्या और हत्यारों के राज को बेपर्दा कर दिया। माना जा रहा है कि इसके चलते कैली गांव में पुलिस अंकुर व नवीन के घर पर दबिश को पहुंची थी। यह भी कहा जा रहा है कि मोंटी व मनोज को मौत का शायद अहसास हो गया था। ग्रामीणों और उन्हें करीब से जानने वालों की माने तो उन्होंने करीब चार दिन पहले एक वीडियो बनाकर अपनी हत्या की आशंका जता दी थी।

साथ ही यह भी बता दिया था कि कैली के अंकुर और नवीन ऐसा कर सकते हैं। वह वीडियो उनके कई करीबियों के पास होने की बात भी पता चली है। इतना ही नहीं यह भी जानकारी मिली है कि कुछ लोगों ने हत्या की आशंका जिस वीडियो में इन्होंने जतायी थी वो भी मुहैय्या कर ली है। हालांकि इसकी जरूरत पुलिस को नहीं थी। पुलिस के पास पहले से ही मृतक का मोबाइल था, जिसमें सब कुछ बेपर्दा हो गया। वहीं, दूसरी ओर मृतकों के समलैंगिक होने की भी बात कही जा रही है। हालांकि इसको लेकर पुलिस कुछ भी कहने से कन्नी काट रही है। पुलिस का साफ कहना है कि जांच वारदात के खुलासे पर चल रहा है।
ताबड़तोड़ दबिश
डबल मर्डर की इस घटना में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जिसके बाद पुलिस की कई टीमें ताबड़तोड़ दबिश पर निकल गयी हैं। उम्मीद की जा रही है कि पुलिस बहुत जल्द ही इस घटना का खुलासा कर देगी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस वर्क कर रही है।
- की जा रही कार्रवाई
खरखौदा थाना क्षेत्र में दो युवकों की नृशंस हत्या की गयी है। इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी, मेरठ।

