नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘केडी द डेविल’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। इसी बीच अभिनेत्री ने आज शिरडी वाले साई बाबा के दर्शन किए, जिसकी खूबसूरत तस्वीरें उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की हैं। तस्वीरों में शिल्पा के साथ उनकी बहन शमिता शेट्टी भी नजर आ रही हैं।
इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीरें की शेयर
दरअसल, शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शिरडी वाले साई बाबा के दर्शन की भक्तिपूर्ण तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में शिल्पा साई बाबा को निहारती नजर आ रही हैं, तो किसी तस्वीर में शिल्पा बाबा के चरणों का आशीर्वाद लेती नजर आ रही हैं। इन सभी तस्वीरों में शिल्पा के साथ उनकी बहन और एक्ट्रेस शमिता शेट्टी भी नजर आ रही हैं। इन लाजवाब तस्वीरों के साथ शिल्पा ने कैप्शन में लिखा, ‘उसका समय हमेशा सही होता है। इस पर विश्वास करें, इसे अनुमति दें। ऊं साई राम .. आपके चरणों में।’ शिल्पा की इस पोस्ट पर उनके पति और एक्टर राज कुंद्रा ने लाल दिल वाले और नमस्ते इमोजी बनाया है।
वर्कफ्रंट
बता दें कि, शिल्पा शेट्टी जल्द ही फिल्म ‘केडी द डेविल’ में नजर आएंगी। ‘केडी द डेविल’ एक भारतीय कन्नड़ भाषा की एक्शन ड्रामा फिल्म है। इसका निर्देशन प्रेम कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के तहत वेंकट के. नारायण कर रहे हैं। इस फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म में शिल्पा शेट्टी के अलावा संजय दत्त, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रेशमा नानैया, जिशु सेनगुप्ता और नोरा फतेही भी हैं।
शिल्पा का वीडियो
वहीं, हाल ही में मिथुन चक्रवर्ती और शिल्पा शेट्टी का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 5’ का है। इस वीडियो में शिल्पा शेट्टी और मिथुन चक्रवर्ती ‘आई एम ए डिस्को डांसर’ गाने पर डांस करते नजर आए। शिल्पा का यह वीडियो फैंस को बेहद पसंद आ रहा है।

