- शिवम सागर ने 10वीं में 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर किया जिला टॉप
- अनुभव शर्मा ने 12वीं में 96.20 प्रतिशत अंक लाकर जिले में पहले स्थान पर किया कब्जा
- 12वीं तीन छात्रों ने प्रदेश के टॉपटेन लिस्ट में भी लहराया परचम
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम आने के बाद सफलता पाने वाले छात्र-छात्राओं ने ऐसा महसूस किया कि मानों उन्होंने आसमान छू लिया हो। स्कूलों की ओर से जब परिणाम जारी होने की घोषणा की गई और स्कूल टॉपर के नाम बताए गए तो छात्र-छात्राएं उछल पड़े। यह हाल दिगंबर जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज और खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज समित शहर के कई स्कूलों में देखने को मिला।
बता दें कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानि यूपी बोर्ड की ओर से मंगलवार को 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। जिसमें 12वीं के तीन छात्रों ने प्रदेश स्तर की टॉपटेन लिस्ट में भी जगह बनाई है। जिसमें केआर जनता इंटर कॉलेज सरूरपुर के अनुभव शर्मा ने 500 में 481 अंक प्राप्त कर 96.20 प्रतिशत के साथ प्रदेश में सातवां और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है।

जबकि जनता इंटर कॉलेज बना मसूरी के छात्र राजीव ने 12वीं में 500 में से 480 अंक प्राप्त कर 96 प्रतिशत के साथ प्रदेश में आठवां और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा रानी लक्ष्मी बाई इंटर कॉलेज मवाना की छात्रा अलीशा ने 500 में से 479 अंक प्राप्त कर 95.80 प्रतिशत के साथ प्रदेश में नौवां और जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। हालांकि हाईस्कूल में जिले के किसी छात्र ने प्रदेश टॉपटेन में जगह नहीं बनाई है।
वहीं, एसडीएचटी इंटर कॉलेज गंगानगर के हाईस्कूल छात्र शिवम कुमार सागर ने 600 में से 578 अंक प्राप्त कर 96.33 प्रतिशत के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, माछरा के सीएचपीएन कॉलेज के शिवम शर्मा ने 600 में से 576 अंक प्राप्त कर 96 प्रतिशत के साथ जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। जबकि घाट स्थित ओम प्रकाश वर्मा इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के छात्र निखिल ने 600 में से 574 अंक प्राप्त कर 95.67 अंक के साथ जिले में तीसरा स्थान हासिल किया।

जिले में कुल हाईस्कूल का परिणाम इंटरमीडिएट का 81.38 प्रतिशत और हाईस्कूल में 92.21 प्रतिशत रहा है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव कमलेश कुमार ने बताया कि पांच परिक्षेत्र कार्यालयों में मेरठ क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय हाईस्कूल में 91.11 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान पर रहा है। जबकि 12वीं में मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय 77.06 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा है।
किसान की बेटी ऋतिका बनना चाहती है आईएएस
फलावदा: यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले की टॉपटेन सूची में छठे स्थान पर आई दादूपुर की छात्रा ऋतिका आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है। उसने 94.33 प्रतिशत अंक पाकर अपने गांव का नाम रोशन किया है। क्षेत्र के गांव दादूपुर निवासी रेशमपाल कुमार की पुत्री ऋतिका आदर्श कन्या इंटर कॉलेज नैडू की छात्रा है। उसने हाईस्कूल परीक्षा में 566 अंक प्राप्त करके जिले के 10 टॉपर्स की सूची में छठा स्थान प्राप्त किया है।
ऋतिका ने बताया कि वह आईएएस बनना चाहती है। उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व शिक्षकों को दिया है। उसका कहना है कि वह हमेशा लगन के साथ पढ़ाई करती रही है, परिवार तथा शिक्षकों ने उसे काफी सहयोग किया। पेशे से किसान रेशमपाल की बेटी ऋतिका आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है। छात्रा के परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों के साथ ग्रामीणों तथा सहपाठियों ने उसे बधाई दी है।
सिवालखास की इलमा ने 94 प्रतिशत के साथ जिले में किया नाम रोशन
रोहटा: कस्बा सिवालखास की इलमा ने हाईस्कूल में 94 प्रतिशत लाकर जिले में कस्बे का नाम रोशन किया है। इसे लेकर कस्बे में खुशी का माहौल बना हुआ है। पढ़ाई में होनहार और कस्बे के सिवाल हाईस्कूल सिवाल की छात्रा इलमा ने कड़ी मेहनत और लगन के साथ 5 से 8 घंटे की लगातार पढ़ाई करके 583 अंक लाकर अपना मुकाम हासिल किया है।
उसका सपना है कि वह सिविल में जाकर आईएएस पीसीएस की तैयारी करेगी। इलमा के पिता पेशे से शिक्षक और हरदोई जिले में तैनात हैं। इलमा द्वारा कस्बे का नाम जिले में रोशन करने के साथ उसके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा है और मिठाई बांटकर परिवार और लोग खुशी जाहिर की।
पांचवें नंबर पर आई अनोखी करना चाहती है एमबीए
फलावदा: यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले की टॉपटेन सूची में पांचवें स्थान पर आई खानपुर की छात्रा अनोखी एमबीए करना चाहती है। उसने 568 अंक पाकर अपने गांव का नाम रोशन किया है। क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी सचिन कुमार की पुत्री अनोखी राठी आदर्श कन्या इंटर कॉलेज नैडू की छात्रा है। उसने हाईस्कूल परीक्षा में 658 अंक प्राप्त करके जिले के 10 टॉपटेन सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। अनोखी राठी ने बताया कि वह एमबीए में पढ़ाई करना चाहती है।
उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व शिक्षकों को दिया है। उसका कहना है कि मेहनत और लगन से लक्ष्य प्राप्त करने में कोई कठिनाई नहीं होती। मेहनत के बल पर मंजिल आसानी से प्राप्त की जा सकती है। छात्रा अनोखी राठी के परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने तथा सहपाठियों ने उसे बधाई दी है।
टॉपटेन में शामिल कशिश बनना चाहती है आईपीएस
फलावदा: यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में मेरठ जिले की टॉपटेन सूची में शामिल नागौरी की छात्रा कशिश ने 94% अंक प्राप्त करके सफलता की इबारत लिखी है। मीटर रीडर की यह होनहार बेटी आईपीएस अफसर बनना चाहती है। क्षेत्र के गांव नागौरी निवासी हाईस्कूल की छात्रा कशिश ने 568 अंक प्राप्त करके 94.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। सावित्री सोनी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नागौरी की छात्रा कशिश ने बताया कि उसकी सफलता मेहनत का ही परिणाम है।
उसके माता-पिता तथा शिक्षकों ने पढ़ाई में हमेशा सहयोग किया। अपनी सफलता का श्रेय भी वह माता-पिता तथा शिक्षकों को देना चाहती है। उसने बताया कि आगे पढ़ाई करके वह आईपीएस अफसर बनना चाहती है। उसने यह भी बताया कि वह पुलिस में जनता की सेवा करने के लिए जाना चाहती है। छात्रा कशिश के पिता महिपाल विद्युत विभाग में मीटर रीडर के पद पर कार्यरत है। गांव में जश्न का माहौल है।
एनडीए की करनी है तैयारी: निखिल
परतापुर: घाट स्थित ओमप्रकाश वर्मा इंटर कालेज के हाईस्कूल के छात्र निखिल किसान परिवार से है। इसने जिला मेरठ में 95.67 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। निखिल के पिता अरुण किसान है। निखिल का कहना है कि वह इंटरमीडिएट में भी टॉप कर एनडीए की तैयारी करुंगा। निखिल ने 16 घंटे पढ़कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

डिफेंस में जाने की तैयारी करुंगा: समीर
घाट स्थित ओमप्रकाश इंटर कालेज के हाईस्कूल के छात्र समीर मजदूर परिवार से है। समीर ने जनपद मेरठ में 94.67 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त कर मेरठ का नाम रोशन किया है। समीर के पिता शौकीन मजदूरी करते हैं। समीर का कहना है कि वह आगे भी परीक्षा टॉप कर डिफेंस में जाने की तैयारी करुंगा। समीर ने बताया कि उसने कालेज समय के अलावा प्रतिदिन आठ घंटे पढ़ाई की है।
कम सुविधाओं और संसाधनों में अनुभव ने गाड़े सफलता के झंडे
सरूरपुर: 96.20 प्रतिशत अंक लाकर परदेश में सातवां स्थान और जिले को टॉप करने वाले पांचली बुजुर्ग इंटरमीडिएट के छात्र अनुभव शर्मा एक शिक्षक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। अनुभव की मां निर्मला इंटरमीडिएट तक शिक्षित हैं और पेशे से एएनएम है। जबकि पिता एक सामान्य किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। अनुभव शर्मा के दादा धर्मवीर शर्मा सन् 1967 में ग्रेजुएशन करके गांव अग्रणी लोगों में शुमार हो चुके थे।
भाई वैभव शर्मा भी पढ़ने में होनहार है और बीटेक कर रहा है। जबकि बहन शगुन शर्मा भी पढ़ाई में होशियार हैं। अनुभव शर्मा एक शिक्षक परिवार के साथ सादे और किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। कम सुख सुविधाओं और संसाधनों में उन्होंने जिले में प्रथम स्थान और प्रदेश में सातवें स्थान लाकर न सिर्फ गांव का नाम रोशन किया है। बल्कि क्रांतिकारी गांव में एक बार फिर अपने नाम की क्रांति फैला दी है।
अनुभव शर्मा ने प्रदेश में पाया सातवां स्थान
सरूरपुर: क्षेत्र के पांचली बुजुर्ग निवासी अनुभव शर्मा ने इंटरमीडिएट में 96.20 प्रतिशत नंबर लाकर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है। जबकि 500 अंक में से 481अंक लाने के साथ ही जिले में टॉपर भी बन गए हैं। अनुभव द्वारा जिले का नाम प्रदेश में रोशन करने पर परिवार वालों और गांव में खुशी का माहौल है। बातचीत के दौरान अनुभव शर्मा ने कहा कि वह यूपीएससी की तैयारी करना चाहता है। साथ ही देश सेवा का जज्बा रखते हैं और सेना में शामिल होकर देश की रक्षा करना चाहता है।

क्रांतिकारी गांव पांचली बुजुर्ग में मंगलवार को यहां के अनुभव शर्मा ने एक और नई क्रांति लिख दी। अनुभव शर्मा पुत्र राजू पेशे से किसान है। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। अनुभव शर्मा सरूरपुर के कृपा राम इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र है और मंगलवार को यूपी बोर्ड के 12वीं कक्षा के रिजल्ट में उसने 96.20% अंक लाकर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया तो जिले का टॉपर भी बन गया है।
अनुभव शर्मा ने बातचीत के दौरान बताया कि उसे मेहनत और लगन करने का शुरू से ही शौक है और लगातार वह रोजाना 6 से 8 घंटे की पढ़ाई करता था। अनुभव ने कहा कि वह यूपीएससी की तैयारी करने के साथ सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहता। अनुभव की मां निर्मला जोकि पेशे से एएनएम फूली नहीं समा रही है तो पिता का भी सीने से गर्व से चौड़ा है। अनुभव के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान मिठाई बांटकर ग्रामीणों ने और परिवार वालों ने खुशी जाहिर की।
जिला टॉपर शिवम को सिविल सेवा की चाह
किठौर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटर का परीक्षा परिणाम मंगलवार को जारी हो गया। जिसमें ग्रामीण मेधाओं का भी काफी दबदबा रहा। किठौर के माछरा से शिवम शर्मा ने हाईस्कूल में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉपटेन सूची में दूसरा स्थान पाया। बेटे की इस उपलब्धि पर परिजनों, गुरुजनों के साथ ग्रामीण भी गौरवांवित होते दिखे।

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंको के साथ जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाला शिवम किठौर के माछरा का निवासी है। वह गांव के चौधरी प्रेमनाथ सिंह इंटर कॉलेज का छात्र है। शिवम यूपीएससी की परीक्षा पास कर सिविल सेवा में जाना चाहता है। वह अपने अध्यापकों और माता-पिता को अपने आदर्श मानता है। उसके पिता भूपेंद्र शर्मा साधारण लघु किसान और मां अनीता शर्मा गृहिणी है।
भूपेंद्र शर्मा के सिर्फ दो बेटे हैं। जिनमें शिवम बड़ा और लक्ष्य छोटा है। भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि शिवम की घरेलू कार्यों में बिल्कुल रुचि नही है। उसे बस अध्ययन का शौक है। रोजाना 12 से 14 घंटे पढ़ाई करता है। कोचिंग जाता है। परिजनों के मना करने पर छुप-छुपकर पढ़ाई करता है। शिवम की उपलब्धि पर परिजनों और ग्रामीणों के साथ जिला पंचायत सदस्य पति भूदेव शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उसको बधाई दी।
किसान की बेटी ने बढ़ाया जिले, परिवार का मान
मवाना: नगर के रानी लक्ष्मीबाई इंटर कालेज में पढ़ने वाली मिडिल किसान की बेटी अलीशा ने जिले में तीसरा स्थान पर आने से परिवार एवं शिक्षकों में खुशी का माहौल व्याप्त हो गया। मोहल्ला मुन्नालाल अंतर्गत इकरामनगर कालोनी में निवास करने वाले मिडिल क्लास किसान मोहम्मद सगीर अहमद अपने परिवार के साथ मिलकर रहते हैं। किसान की बेटी अलीशा ने नगर स्थित रानी लक्ष्मीबाई इंटर कालेज में साइंस वर्ग से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी।
मंगलवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद छात्र-छात्राओं की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा ओर बालिकाओं ने बालकों को पीछा छोड़ हर वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले से लेकर कालेज का नाम रोशन किया। मवाना में रहने वाली किसान सगीर की बेटी अलीशा ने जिले में तीसरा स्थान पर आने पर जिले से लेकर कालेज एवं परिवार का मान बढ़ाते हुए सिर ऊंचा कर दिया।

इस मौके पर कालेज के चेयरमैन आकाश गुर्जर एवं शिक्षकों ने टॉपर छात्रा अलीशा को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिला। टॉपर छात्रा अलीशा ने जनवाणी संवाददाता से विशेष रूप से बात कहते हुए कहा कि उनका सपना जिला ही नहीं अपितु प्रदेश में पहली रैंक हासिल करना था,
लेकिन जिले में तीसरे स्थान पर आने पर भी बहुत खुश हूं। इस सफलता का श्रेय मां हमीदा, पिता सगीर एवं कालेज के शिक्षकों को जाता है। टॉपर अलीशा का सपना नीट की परीक्षा में बेहतरीन रैंक हासिल कर गरीबों की सेवा के लिए एमबीबीएस चिकित्सक बनना है। अलीशा परिवार मे पांच भाई बहनों में सबसे छोटी है।

