नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर के स्वास्थ्य को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आधिकारिक बयान जारी किया है। अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान चोटिल हुए थे और फिलहाल सिडनी के अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती हैं।
तिल्ली में चोट, हालत स्थिर
बीसीसीआई ने सोमवार को कहा कि स्कैन रिपोर्ट में श्रेयस की तिल्ली (Spleen) में चोट की पुष्टि हुई है। बोर्ड ने बयान में कहा,“श्रेयस अय्यर की बाईं पसली के नीचे के हिस्से में चोट लगी है। स्कैन से पता चला है कि उनकी तिल्ली में चोट आई है। उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे स्वस्थ हो रहे हैं।”
बीसीसीआई की मेडिकल टीम सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के साथ मिलकर उनकी स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है। टीम इंडिया के डॉक्टर श्रेयस के साथ सिडनी में रहेंगे और उनकी दैनिक प्रगति का आकलन करेंगे।
डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें 2 से 7 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा, ताकि आंतरिक रक्तस्राव और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
परिवार भी पहुंच सकता है ऑस्ट्रेलिया
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रेयस के माता-पिता जल्द ही ऑस्ट्रेलिया रवाना हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने तत्काल वीजा के लिए आवेदन कर दिया है। डॉक्टरों का मानना है कि अय्यर को भारत लौटने से पहले कम से कम एक सप्ताह तक सिडनी में अस्पताल में रहना होगा।
वनडे पर फोकस, टी20 से बाहर
31 वर्षीय श्रेयस अय्यर फिलहाल केवल वनडे टीम का हिस्सा हैं। वे 29 अक्टूबर से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में शामिल नहीं हैं। हाल ही में खेले गए दूसरे वनडे में उन्होंने शानदार 61 रन की पारी खेली थी।
बीसीसीआई ने कहा “श्रेयस मजबूत खिलाड़ी हैं और उनकी रिकवरी तेजी से हो रही है। मेडिकल टीम यह सुनिश्चित करेगी कि वे पूरी तरह फिट होकर ही मैदान पर लौटें।”

