- हत्या कर भाई खुद पहुंच गया थाने, बहन के प्रेम-प्रसंग से था खफा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वेस्ट यूपी में आॅनर किलिंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। लिसाड़ीगेट थानांतर्गत इस्लामाबाद में बहन के प्रेम-प्रसंग से परेशान भाई ने शादी से एक दिन पहले बहन की अलसुबह गोली मारकर हत्या कर दी।
दरअसल बहन के प्रेमी ने भाई और मंगेतर के मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो भेज दिये थे, इससे खफा होकर भाई ने लोकलाज के कारण गोली मारकर बहन का भेजा उड़ा दिया। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद टाल वाली गली निवासी रहीसुद्दीन की दो बेटियों की शादी खुर्जा में हुई है। उनके देवर कासिम से छोटी बेटी फिरदौस का चार साल से अवैध संबंध चल रहा था। जब इसका पता घर वालों को लगा तो उन लोगों ने फिरदौस पर निगरानी रखते हुए पाबंदी लगा दी थी। इसके बावजूद फिरदौस प्रेमी से मिलती रहती थी। कुछ दिन पहले वो घर से प्रेमी के साथ फरार हो गई थी।

घर वालों ने परेशान होकर दस दिन पहले फिरदौस की शादी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक से तय कर दी थी। पुलिस ने बताया कि रविवार को फिरदौस बरात आनी थी।
शुक्रवार देर रात कासिम ने फिरदौस के भाई फिरोज और होने वाले पति को दोनों के कुछ फोटो भेज दिए थे। इसको लेकर रात में भाई और बहन के बीच झगड़ा हुआ था। शनिवार सुबह कासिम ने फिर से फिरोज को कुछ फोटो भेज दिए। इसके बाद फिरोज घर से निकल गया और कुछ देर बाद पिस्टल लेकर आया।
घर में घुसते ही उसने पीछे से सिर में बहन के गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को पिस्टल समेत गिरफ्तार कर लिया। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी के बाद पुलिस कासिम को पकड़ने के लिए फिरोज के बड़े भाई इस्लामुद्दीन को साथ लेकर गई। हालांकि वह घर पर नहीं मिला। इसके बाद अन्य जगहों पर भी उसे पकड़ने के लिए दबिश दी गई। उधर, पुलिस फिरोज को पिस्टल देने वाले दोस्त की भी तलाश कर रही है।
शहनाई की धुन मातम में बदली
जिस घर में रविवार को फिरदौस के निकाह की शहनाई बजने वाली थी, उस घर में मातम छाया हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल था और बार-बार बेटे को कोस रही थी। फिरदौस के सिर में गोली लगने से उसका भेजा उड़ गया था। कमरे में खून ही खून पड़ा हुआ था। भाई ने हत्या करने का समय सुबह इसलिये चुना क्योंकि उस वक्त लोग सोये हुए थे। गोली की आवाज सुनते ही मां की आंख खुली तो उसने लहूलुहान बेटी को देखा तो चीख निकल गई।
बदनामी से था परेशान
फिरदौस की हत्या के बाद भाई फिरोज ने पुलिस को बताया कि वो काफी दिनों से बहन को लेकर परेशान चल रहा था। बहन के प्रेम-प्रसंग के कारण उसको लोग ताने देते थे। घर वालों के बार बार समझाने के बाद भी उसको समझ में नहीं आ रहा था। फिरदौस की ससुराल वाले भी इसको लेकर परेशान थे। यही कारण था कि शुक्रवार की रात जब फिरदौस से मोबाइल पर आ रहे फोटो के बारे में पूछा तो उसने बजाय गलती मानने के उलटा-सीधा बोलना शुरू कर दिया था। फिरोज ने बताया कि गोली मारते वक्त उसके दिमाग में बस यही चल रहा था कि बहन के मरने से ताने सुनने बंद हो जाएंगे।
थम नहीं रही मेरठ में झूठी शान के लिये बेटियों की हत्या
वेस्ट यूपी में झूठी शान के लिये प्रेम-प्रसंग को लेकर बेटियों की हत्या थमने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही है। वहीं, मेरठ में लगातार आॅनर किलिंग हो रही है। गत छह जनवरी को दौराला थाना क्षेत्र के गांव मछरी में पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। किशोरी का गांव के ही युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसके साथ वह जुलाई में घर से फरार भी हो गई थी।
पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में संबंधों के शक में एक युवक ने शनिवार दिनदहाड़े गली के बीचोबीच अपनी बहन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने के बाद गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या आरोपी को लोगों ने घेर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
थाना सरधना क्षेत्र के गढ़ी गांव में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के प्रेम संबंध परिजनों को नागवार गुजरी। इसी बात से नाराज होकर चचेरे भाई ने युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं गोली चलने वाला चचेरा भाई इस कदर नाराज था कि उसने युवती के गुप्तांग में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
किठौर थाना क्षेत्र के गांव महमदपुर के जंगल में भाई और जीजा ने युवती का गला रेतकर हत्या का प्रयास किया। मामला आॅनर किलिंग का था। परिवार वाले युवती जिससे प्यार करती थी, उसका विरोध कर रहे थे। गुस्साएं परिजनों ने ही युवती की हत्या की कोशिश की।

